प्रधानमंत्री मोदी ने तो 50 माह में 50 देशों की यात्रा कर डाली: अखिलेश

लखनऊ - मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 75 जिलों के दौरे पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने तंज किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बताएं कि इन दौरों से कितना विकास हुआ। मुख्यमंत्री ने 16 महीनों में 75 जिलों का दौरा कर तथाकथित रिकार्ड बना दिया तो प्रधानमंत्री ने 50 माह में 50 देशों की यात्रा कर डाली। इन दौरों से न तो बाहर से पूंजी निवेश आया, न ही बैंकों से पैसे लूटकर भागने वाले पकड़ में आए और न ही हमारे जवानों की मौतों की संख्या में कमी आई।
अखिलेश यादव ने मंगलवार को बयान जारी कर कहा कि प्रख्यात गीतकार गोपाल दास नीरज यशभारती पेंशन बहाल करने के लिए मुख्यमंत्री से मिले थे। उन्हें खाली हाथ लौटा दिया गया। उनकी मौत के बाद अब आधी-अधूरी पेंशन शुरू करने की घोषणा की गई है। इसमें भी तमाम शर्तें थोपी जा रही हैं। इस फैसले ने राज्य की साख को बट्टï लगाया है। यह कलाकारों का अपमान है। भाजपा राज में कलाकारों, विद्वानों और खिलाडिय़ों को सम्मान नहीं दिया जा रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा अपने राजनीतिक झूठ छिपाने के लिए प्रचार माध्यमों का प्रयोग कर रही है। सोशल मीडिया का दुरुपयोग लोकतंत्र के लिए खतरा है। इस माध्यम से नफरत फैलाई जा रही है। समाजवादी पार्टी के प्रति अभद्र और दुर्भावनापूर्ण प्रचार किया जाता है। भाजपा के झूठ के जवाब में जो व्यक्ति खंडन करता है, उसे झूठे मामलों में फंसा दिया जाता है। भाजपा का बुनियादी राजनीतिक चरित्र सामाजिक सद्भाव बिगाडऩा, आर्थिक संकट पैदा करना और राजनीति की शुचिता तथा उसके नैतिक मूल्यों को नष्ट करना है।