आजादी के बाद से देश में इतने बुरे हालात कभी नहीं हुए जितने अबः आजम

रामपुर - समाजवादी पार्टी महासचिव एवं पूर्व मंत्री आजम खां ने मॉब लिंचिंग को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर करारा हमला बोला और कहा कि आजादी के बाद से देश में इतने बुरे हालात कभी नहीं हुए, जितने अब हैं। वोट की सियासत में बेगुनाह मुसलमानों की हत्या की जा रही है।
रामपुर में पत्रकारों से बातचीत में पूर्व मंत्री ने कहाकि मुसलमान अगर कोई पालने के लिए भी गाय ले जाता है तो उसे मार दिया जाता है। देश की सबसे बड़ी अदालत के फैसले के बाद भी सरकारें ऐसी हिंसा रोक नहीं पा रही हैं। इससे अच्छा तो यह है कि सरकार अब मुसलमानों को वोट देने के अधिकार को खत्म कर दे क्योंकि वोट का अधिकार जिंदगी और इज्जत आबरू से बढ़कर नहीं है।
मॉब लिंचिंग क्या है?
जब कोई भीड़ या लोगों का समूह या झुंड कानून से ऊपर उठकर किसी को सजा देने के नाम पर उसकी हत्या कर देता है। ऐसे में कहा जाता है कि कानून की कमजोरी के कारण भीड़ उसे खुद सजा देने को मजबूर हो जाती है। यह हालात कानून व्यवस्था के लिए ठीक नहीं समझे जाते हैं। हाल ही में देश भर में कई जगहों पर मॉब लींचिंग की घटनाएं हुई हैं। इनमें अफवाहों के चलते भीड़ ने कई लोगों को मौत के घाट उतार दिया।