Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

कोर्ट में भी बोली पीडि़ता, ससुर ने हलाला के नाम पर किया दुष्कर्म

कोर्ट में भी बोली पीडि़ता, ससुर ने हलाला के नाम पर किया दुष्कर्म
X

बरेली - तलाक व हलाला पीडि़ता ने सोमवार को कोर्ट में अपने बयान दर्ज करा दिए। वहां भी हलाला के नाम पर दुष्कर्म करने का आरोप ससुर पर लगाया। अपने ऊपर हुए अत्याचारों के बारे में बताया। बयान दर्ज होने के बाद पुलिस अब आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है। वे फरार बताए जा रहे है।

तलाक व हलाला पीडि़ता के पुलिस ने सोमवार को कोर्ट में 164 के बयान दर्ज कराए। पीडि़ता सुबह ही 11 बजे कोर्ट पहुंच गई। बताया कि उसने तहरीर के आधार पर ही बयान दर्ज कराए हैं। हलाला के नाम पर ससुर ने दुष्कर्म किया था, यही बात अदालत में बताई गई। 164 के बयान दर्ज होने के बाद अब पुलिस कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया है। पुलिस अब बयानों के आधार पर आरोपितों की गिरफ्तारी कर सकती है।

हालांकि, आरोपित फरार हैं। इनमें पीडि़त महिला का शौहर, ससुर, देवर और सास नामजद हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। इधर, इंस्पेक्टर केके वर्मा ने बताया कि पीडि़ता के बयान दर्ज होने के बाद साक्ष्य इकट्ठा किए जा रहे हैं। आरोपितों को तलाशा जा रहा है।

हलाला के नाम पर दुष्कर्म में आरोपितों के बयान कराने की तैयारी

हलाला के नाम पर सामूहिक दुष्कर्म की शिकार हुई महिला के मामले में पुलिस जल्द ही आरोपितों के बयान दर्ज करेगी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पीडि़ता के कोर्ट में बयान दर्ज कराए गए हैं। तलाक, इद्दत और हलाला के नाम पर सामूहिक दुष्कर्म का मामला रामपुर के अजीमनगर थाना क्षेत्र के गांव का है। यहां रहने वाली एक युवती का निकाह पांच साल पहले गांव के ही रिजवान से हुआ था।

महिला का पति हरिद्वार (उत्तराखंड़) में बिरयानी की दुकान चलाता था। महिला को पति से दो बच्चे भी हुए। बाद में पति ने महिला को बहाने से गांव भेज दिया। सात माह पहले पति ने किसी बात पर नाराज होकर महिला को तलाक दे दिया। इस पर पंचायत बैठी। इसमें ससुरालियों की मौजूदगी में तय हुआ कि महिला को इद्दत और हलाला करना होगा। इसके बाद पति से दोबारा निकाह करा दिया जाएगा।

पति और ससुरालियों की सहमति मिलने पर महिला इद्दत पर बैठ गई। फिर हलाला के नाम पर देवर से निकाह करा दिया गया। इसके बाद उसने तलाक दिया और महिला ने दोबारा इद्दत की। दूसरी इद्दत पूरी होने से पहले पति ने दूसरी युवती से निकाह कर लिया और पीडि़ता को अपनाने से मना कर दिया। इस पर महिला ने अजीमनगर थाने में पति और ससुरालियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करा दिया।

पीडि़ता का आरोप है कि हलाला के नाम पर देवर से निकाह के बाद उसके पति, देवर समेत सात रिश्तेदारों ने दुष्कर्म किया। विवेचक और उप निरीक्षक बलवीर ने बताया कि महिला का मेडिकल कराया गया है। उसके बयान हो गए हैं। अब आरोपितों के बयान होने हैं। पति हरिद्वार में है। उससे बयान के लिए संपर्क किया जा रहा है।

Next Story
Share it