Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

कुशीनगर में पत्नी व दो बच्चों की हत्या के बाद फार्मासिस्ट ने की आत्महत्या

कुशीनगर में पत्नी व दो बच्चों की हत्या के बाद फार्मासिस्ट ने की आत्महत्या
X

कुशीनगर - पत्नी व दो बच्चों की हत्या के बाद यहां के पडरौना में एक फार्मासिस्ट ने जान दे दी। पत्नी व बच्चों पर चाकू से हमला करने के बाद फार्मासिस्ट ने जहर खा लिया। एक बच्ची को छोड़कर सभी की मौत हो गई है। गंभीर रूप से घायल बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पडरौना नगर के बावली चौक के निवासी माधव मुरारी सिंह का रात में पत्नी से विवाद हुआ था। इसके बाद देर रात करीब दो बजे माधव मुरारी ने गहरी नींद में सो रही पत्नी सुमन सिंह (42 वर्ष), पुत्री माधवी (11) पुत्र विक्रम सिंह (8) व मन्नू सिंह (4) पर चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार किया। सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद माधव मुरारी ने जहर खा लिया। पत्नी तथा दो पुत्रों के साथ माधव मुरारी की मौत हो गई जबकि बेटी बेहद गंभीर है। सुबह कुछ लोगों ने माधवी सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

बताया जा रहा है कि पति पत्नी के बीच वर्ष 2013 से विवाद चल रहा था। कोर्ट में वाद भी लंबित है। पत्नी सुमन बच्चों के साथ पति के मकान में अलग रह रही थीं। रोज की तरह वह बच्चों के साथ अपने कमरे में सो रही थी। सुबह होश में आने पर माधवी ने मां व दोनों भाई का शव देख शोर मचाया। जिससे आस पास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। सूचना आम होते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। कोतवाल विजय राज सिंह ने आला अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। एसपी अशोक कुमार पाण्डेय ने घटना स्थल पर पहुंच जांच-पड़ताल के बाद जरूरी निर्देश दिया। फोरेंसिक टीम मौके पर गहनता से जांच-पड़ताल कर रही है।

माधव मुरारी सिंह मूलत: कोतवाली के ही गांव दांदोपुर का रहने वाला था। वह कप्तानगंज सीएचसी में तैनात था। एसपी अशोक कुमार पाण्डेय ने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

Next Story
Share it