अभाविप का हंगामा, शिक्षकों-कर्मचारियों से हाथापाई

गोरखपुर : सेंट एंड्रयूज कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जमकर हंगामा किया। कॉलेज में दुर्व्यवस्था, प्रवेश के लिए अतिरिक्त रुपये लिए जाने सहित तमाम मुद्दों पर हुए इस आंदोलन के दौरान उग्र हुए कार्यकर्ताओं ने नियंता मंडल के सदस्यों और कुछ कर्मचारियों के साथ हाथापाई की। कॉलेज ने अभाविप के इस कृत्य को निंदनीय बताते हुए कैंट थाने में पूरे मामले की तहरीर दी है, साथ ही घटना की सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध करा दी है। दूसरी ओर अभाविप ने अपने प्रदर्शन को शांतिपूर्ण करार देते हुए महाविद्यालय प्रशासन पर उनके साथ बदसलूकी करने का आरोप लगाया गया है। मामले को लेकर बुधवार पूरे दिन कॉलेज में तनाव की स्थिति रही और प्रवेश व पढ़ाई पर भी बुरा असर पड़ा।
बुधवार दिन में करीब 12 बजे बड़ी तादात में अभाविप कार्यकर्ताओं का हुजूम नारे लगाते हुए सेडिका परिसर पहुंचा। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि उन्हें प्राचार्य से भेंट करने दिया जाए। नियंता मंडल के सदस्यों ने 5-7 कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधिमंडल को प्राचार्य कक्ष में जाने की अनुमति दी लेकिन दरवाजा खुलते ही सभी घुसने लगे। इस पर नियंता मंडल और प्राचार्य ने अनुशासन की दुहाई देते हुए शांति के साथ अपनी बात रखने की अपील की। कहासुनी के इस दौर में बात इतनी बढ़ी कि कुछ कार्यकर्ताओं ने नियंता मंडल के एक सदस्य का कॉलर पकड़ लिया और एक कर्मचारी के साथ हाथापाई पर उतर आए। बिगड़ते माहौल के बीच मौके पर पुलिस भी मौजूद थी, लेकिन तत्काल स्थिति संभाली न जा सकी। इसके बाद जब प्राचार्य से बातचीत शुरू हुई, तो उस समय भी कार्यकर्ता खासे आक्रोशित थे।
घटना से कॉलेज के शिक्षक खासे आक्रोशित हैं। शिक्षकों ने बताया कि प्राचार्य कक्ष में ज्ञापन देने पहुंचे कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन रिसीव भी नहीं कराया और उसे फेंक दिया। नाराज शिक्षकों ने जिला प्रशासन को पत्र देकर कहा है कि अगर 24 घंटे के भीतर अगर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो सभी शिक्षक और कर्मचारी काम बंद कर हड़ताल पर चले जाएंगे।