Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

छपने लगा 100 रुपये का नया नोट, होगा गुजरात की रानी बावड़ी का चित्र

छपने लगा 100 रुपये का नया नोट, होगा गुजरात की रानी बावड़ी का चित्र
X

कानपुर - इंतजार खत्म होने वाला है। नए रंगरूप का सौ रुपये का नोट जल्द ही आपकी जेब में होगा। मध्य प्रदेश के देवास स्थित बैंक नोट प्रेस में इनकी छपाई शुरू हो गई है। अभी तकरीबन 2000 करोड़ रुपये की राशि में नोट छापे जाएंगे। नए नोटों का पुराने नोटों पर असर नहीं पड़ेगा और वह चलते रहेंगे। इस नोट की खासियत इसका पूरी तरह भारतीय होना है। यह पहला नोट होगा, जिसमें तकनीक से लेकर सामान तक, सब कुछ भारतीय है। इस नोट में लगने वाला कागज भारत में तैयार किया गया है।

सिक्योरिटी फीचर भी पूरी तरह भारतीय

प्रिंटिंग में लगने वाली स्याही भारतीय है और सिक्योरिटी फीचर भी पूरी तरह भारत में ही तैयार किए गए हैं। नोट की एक और खासियत इसमें छपने वाला स्मारक भी है। नोट के पिछले हिस्से में यूनेस्को की विश्वदाय सूची में शामिल गुजरात के पाटण स्थित रानी की बावड़ी नोट दिखाई देगी। आमतौर पर लोगों के बीच कम चर्चित इस ऐतिहासिक इमारत को यूनेस्को ने बावडिय़ों की रानी की उपाधि दी है।

नए नोट की सिक्योरिटी फीचर में सबसे प्रमुख गांधी जी का चित्र होगा। इस सिक्योरिटी फीचर को गुप्त रखा जाएगा लेकिन यह नोट के रंग से कंट्रास्ट में होगा। नोट का रंग हल्का जामुनी होगा। आरबीआइ सूत्रों के अनुसार यही सबसे बड़ा सिक्योरिटी फीचर है। इसके अलावा करीब दो दर्जन सूक्ष्म सिक्योरिटी फीचर बढ़ाए गए हैं, जो पुराने नोट में नहीं है।

अन्य नए नोटों की तरह सौ रुपये का नोट भी पुराने नोट से छोटा होगा। एक गड्डी का वजन तकरीबन 83 ग्राम होगा। नोट की लंबाई और चौड़ाई में करीब 10 फीसद की कमी की गई है।

Next Story
Share it