सपा कार्यकर्ताओं ने इलाहाबाद में दलित चेतना साइकिल यात्रा निकाली

इलाहाबाद : लोकसभा चुनाव की तैयारी में लगभग सभी पार्टियां जुट गई हैं। हर पार्टी अपने मतदाताओं के साथ ही दूसरे दलों के बेस मतदाताओं पर भी फोकस कर रहे हैं। बड़े राजनैतिक दल तो दलित वोट बैंक पर ज्यादा जोर दे रहे हैं। भाजपा के नेता और मंत्री जहां पिछले दिनों चौपाल कार्यक्रम के दौरान रात में दलित के घर भोजन किए थे वहीं कांग्रेसजन भी दलित बस्तियों में जाकर उनकी समस्याएं सुने थे। अब समाजवादी पार्टी भी इन दोनों दलों के राह पर चल पड़ी है। सपा कार्यकर्ताओं ने इलाहाबाद से दलित चेतना साइकिल यात्रा निकाली। यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं ने इलाहाबाद जिले के ग्रामीण क्षेत्र में जाकर दलित बस्तियों में रात्रि विश्राम किया। इस दौरान अनुसूचित जाति के लोगों से मुलाकात की और उन्हें समाजवादी पार्टी की नीतियों के बारे में जानकारी दी। साथ ही पिछली सपा सरकार की योजनाओं को भी बताया।
ये यात्रा समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को सिविल लाइंस में आंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद निकाली थी। पार्टी महानगर के तत्वावधान में रजनीश भारती के नेतृत्व में यात्रा रवाना हुई थी, जो 16 जुलाई को लखनऊ पहुंचेगी, जहां पार्टी अध्यक्ष अखिलेश सिंह यादव रैली में शामिल कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाएंगे।
साइकिल यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं का महानगर अध्यक्ष सैय्यद इफ्तेखार हुसैन, महासचिव योगेश चंद्र यादव के साथ सबसे पहले हाईकोर्ट स्थित डॉ.भीमराव आंबेडकर पर के सामने उत्साह बढ़ाया था। यात्रा को पूर्व मंत्री व एमएलसी सुनील सिंह साजन एवं पूर्व मंत्री व राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत सरोज ने झंडी दिखाकर रवाना किया था। यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं के उत्साहवर्धन को पूर्व मंत्री रामानंद भारती, फूलपुर सासद नागेंद्र प्रताप सिंह पटेल, जिलाध्यक्ष कृष्णमूर्ति सिंह यादव, माशूक खान आदि उपस्थित थे। यात्रा प्रतापगढ़, ऊंचाहार, रायबरेली के रास्ते 16 जुलाई को लखनऊ पहुंचेगी। इसके तीन दिन पहले सपा कार्यकर्ताओं के एक दल की ओर से साइकिल रैली निकाली गई है, जो बुंदेलखंड, कानपुर, फतेहपुर होते हुए 16 जुलाई को लखनऊ पहुंचेगी।