Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

पत्नी डिंपल और मां साधना के साथ मथुरा पहुंचे सपा मुखिया अखिलेश यादव

पत्नी डिंपल और मां साधना के साथ मथुरा पहुंचे सपा मुखिया अखिलेश यादव
X

मथुरा - लखनऊ में सरकारी बंगला छोडऩे के बाद काफी फुरसत में लग रहे समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष ने आज मथुरा का रुख किया। यहां पर उन्होंने पत्नी डिंपल, बच्चों तथा मां साधना गुप्ता के साथ बांके बिहारी का दर्शन पूजन किया। लंबे समय बाद अखिलेश यादव के साथ मां साधना गुप्ता को किसी सार्वजनिक स्थल पर देखा गया है।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष तथा पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज आगरा से मथुरा में वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे। उनके साथ पत्नी डिंपल यादव तथा बच्चों के साथ ही मां साधना गुप्ता भी थीं। मंदिर में वह करीब आधा घंटा तक रहे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात नहीं की। उनका मंदिर आने का पूर्व घोषित कार्यक्रम नहीं आया था।

आज सुबह अचानक उनकी कारों का बड़ा काफिला वृंदावन पहुंचा। इसकी जानकारी मिलते ही मंदिर के पास भीड़ जुट गई, प्रशासन भी अलर्ट हो गया। अखिलेश यादव मंदिर के पास ही कार से उतर कर सीधे मंदिर में प्रवेश कर गए। उन्होंने मीडिया कर्मियों से भी लौटकर बात करने की बात कही।

अखिलेश यादव जब भी आगरा या फिर पास के जिले में आते हैं तो वह वृंदावन में बांके बिहारी के मंदिर में दर्शन करने आत हैं। आज उनके बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के अलग निहितार्थ निकाले जा रहे हैं।

समाजवादी पार्टी में बीते वर्ष मची रार के बाद सपा मुखिया अखिलेश यादव तथा मां साधना गुप्ता के बीच दूरियां बढ़ी मानी गई थी। इसके बाद अखिलेश यादव के साथ साधना गुप्ता कम ही दिखाई दिए थे। बांके बिहारी में दोनों के साथ कार से उतरने पर लोग चौंक गए। लोगों का मानना है कि दोनों के साथ दर्शन करने से लग रहा है यादव परिवार में सब कुछ ठीक चल रहा है।

Next Story
Share it