शिकायत करने वाले को ही जेल भेज देती है भाजपा सरकार : अखिलेश यादव

मुख्यमंत्री योगी के मुख्य सचिव एसपी गोयल पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाने वाले अभिषेक गुप्ता को हिरासत में लिए जाने के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार के सबसे बड़े अधिकारी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगना बहुत बड़ी बात है।
अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि जिसने शिकायत की सरकार ने उसी को जेल भेज दिया है। इस मामले में सरकार को निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। अखिलेश यादव ने आगे ये भी कहा कि मौजूदा सरकार में टॉयलेट योजना में भी बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है। इसकी भी जांच होनी चाहिए।
मालूम हो कि लखनऊ निवासी अभिषेक गुप्ता ने सीएम के मुख्य सचिव एसपी गोयल पर 25 लाख की रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था। जिसके बाद गुरुवार रात को हजरतगंज थाने में उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया था।
मुख्यमंत्री के विशेष सचिव सुभ्रांत शुक्ला ने 28 मई को भाजपा के प्रदेश मुख्यालय को सूचित किया था कि इंदिरा नगर निवासी अभिषेक गुप्ता भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन और अन्य पदाधिकारियों के नाम लेकर अनुचित कार्य कराने का दबाव बना रहा है।