Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

सपा कार्यकर्ता मनोज कुमार सिंह की हत्या कर फेंकी लाश, इलाके में सनसनी

सपा कार्यकर्ता मनोज कुमार सिंह की हत्या कर फेंकी लाश, इलाके में सनसनी
X

बलिया : बैखौफ बदमाश आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। शनिवार को जहां भाजपा नेता पर जानलेवा हमला किया गया वहीं रविवार को सपा कार्यकर्ता की हत्या कर दी गई।

समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मनोज कुमार सिंह की हत्या कर लाश सहतवार थाना क्षेत्र के टीएस बंधा स्थित महाराजपुर चट्टी पर फेंकी मिली। सुबह कुछ लोगों ने सपा कार्यकर्ता की लाश देखी तो पुलिस को सूचना दी गई। मनोज को दो गोलियां मारी गई है।

हत्या की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी मच गई। बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के पुरसा निवासी मनोज कुमार सिंह (45) को पूर्व मंत्री नारद राय का करीबी बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने हत्या कर लाश यहां फेंकी है। अभी हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक श्रीपर्णा गांगुली भी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।

उन्होंने कहा कि हत्या मामले की छानबीन की जा रही है। जो दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सपा कार्यकर्ता मनोज कुमार सिंह की जिले भर में पहचान है। उनकी हत्या की खबर से लोग सकते हैं। इस माह की 19 तारीख को उनकी बेटी की शादी है। वो इन दिनों शादी की तैयारियों में जुटे थे। हत्या की सूचना पर उनका परिवार भी घटनास्थल पर पहुंचा। उनके गांव पुरसा में मातम छा गया।

इधर, सपा कार्यकर्ता की हत्या की खबर पर बांसडीह विधानसभा अध्यक्ष हरेंद्र सिंह, महासचिव ललन यादव वैशाखी सहित कई अन्य कार्यकर्ता घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाया। आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।

बता दें कि शनिवार को भी रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के मोतीरा गांव भाजपा भाजपा कार्यकर्ता नथूनी सिंह पर जानलेवा हमला हुआ लेकिन वो बाल-बाल बच गए। वहीं बीच बचाव में भाजपा कार्यकर्ता के एक सहयोगी को बदमाशों ने गोली मार दी थी।

Next Story
Share it