सर्जिकल स्ट्राइक के रणबीर सिंह बने J&K में सेना के कमांडर

श्रीनगर- पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में भारतीय सेना की सर्जिकल स्ट्राइक की आधिकारिक घोषणा करने वाले तत्कालीन डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिटरी ऑपरेशन्स (DGMO) लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह को अब जम्मू-कश्मीर में स्थित सेना की उत्तरी कमान का कमांडर नियुक्त किया गया है। रणबीर सिंह भारतीय सेना के उन सबसे तेज तर्रार अधिकारियों में से एक हैं, जिन्हें आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशंस के उनके महारथ के कारण जाना जाता है। गुरुवार को उत्तरी कमान के जीओसी नियुक्त किये गए रणबीर सिंह ने यहां ले.जनरल देवराज अनबू की जगह ली है।
शुक्रवार को सेना की उत्तरी कमान में चार्ज ग्रहण करने वाले रणबीर सिंह ने शहीदों को सलाम कर अपनी नई जिम्मेदारी के निर्वहन की शुरुआत की है। उत्तरी कमान के जीओसी बनने के बाद रणबीर सिंह जम्मू-कश्मीर में सेना के तमाम ऑपरेशंस के अलावा एलओसी और सीमा पर सेना की सुरक्षा की भी जिम्मेदारी संभालेंगे। रणबीर सिंह की यह नियुक्ति इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि अभी पिछले ही दिनों सरकार ने कश्मीर घाटी में रमजान के दौरान एकतरफा सीजफायर का ऐलान किया है।
सरकार और सेना ने इस बात के भी संकेत दिए हैं कि अगर घाटी के हालात ठीक रहते हैं तो रमजान के सीजफायर की अवधि को बढ़ाया भी जा सकता है। ऐसे में अगर सरकार कश्मीर में ऐसे किसी भी फैसले को प्रभावी बनाती है, तो इसमें सेना और अब जीओसी बने रणबीर सिंह की भी एक बड़ी भूमिका होगी। साथ ही सेना को कश्मीर में सैन्य ऑपरेशंस के दौरान रणबीर सिंह के तमाम अनुभवों का लाभ भी मिल सकेगा। इसके अलावा नियंत्रण रेखा और सीमा पर पाक की ओर से होने वाली आतंकी साजिश के खिलाफ कूटनीतिक रूप से भी रणबीर सिंह की मौजूदगी से सेना को बड़ा लाभ मिल सकेगा।
उड़ी और म्यांमार सर्जिकल स्ट्राइक में बड़ी भूमिका
उल्लेखनीय है कि वर्तमान में सेना के डेप्युटी चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ (सिस्टम ऐंड ट्रेनिंग) रणबीर सिंह को म्यांमार और पाक अधिकृत कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ सेना के ऑपरेशंस की कुशल प्लानिंग के लिए जाना जाता है। सितंबर 2016 में हुए उड़ी हमले के बाद रणबीर सिंह ने ही पीओके में सेना द्वारा की गई सर्जिकल स्ट्राइक्स की आधिकारिक जानकारी मीडिया से साझा की थी। उड़ी के हमले के बाद उस वक्त डीजीएमओ रहे रणबीर सिंह ने कहा था कि भारतीय सेना इस हमले का जवाब देगी और जवाब देने का वक्त और स्थान हमारी पसंद का होगा। इस बयान के बाद ही सेना ने पाक अधिकृत कश्मीर में आतंकियों के लॉन्च पैड्स पर सर्जिकल स्ट्राइक की थी, जिसमें दर्जनों आतंकियों को मार गिराया गया था।
वेलिंगटन डिफेंस कॉलेज से ग्रैजुएट हैं रणबीर सिंह
बताया जाता है कि रणबीर सिंह इस सर्जिकल स्ट्राइक से पहले केंद्र सरकार की उस उच्च स्तरीय बैठक का हिस्सा थे, जिसमें सर्जिकल स्ट्राइक करने का फैसला लिया गया था। इस बैठक के बाद रणबीर सिंह और सेना की उधमपुर स्थित उत्तरी कमान के नेतृत्व में सर्जिकल स्ट्राइक की प्लानिंग की गई थी। इस दौरान रणबीर सिंह ने खुद दिल्ली के सैन्य मुख्यालय से सारी रणनीति का निर्धारण किया था, जिसके बाद सेना की अलग-अलग टीमों ने एलओसी के पार आतंकियों के कैंप पर स्ट्राइक की थी। गौरतलब है मूल रूप से पंजाब के रहने वाले रणबीर सिंह ने ब्रिटेन के रॉयल कॉलेज ऑफ डिफेंस स्टडीज से पढ़ाई की है और वह वेलिंगटन के डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज से ग्रैजुएट हैं। जम्मू-कश्मीर में कई पोस्टिंग के अलावा रणबीर सिंह अंगोला और रवांडा में संयुक्त राष्ट्र मिशन के तहत भी काम कर चुके हैं।