भारत के समर्थन में आया अमेरिका,सर्जिकल स्ट्राइक को सही ठहराया
वाशिंगटन, पीटीआई : उड़ी आतंकी हमले के बाद गुलाम कश्मीर में सर्जिकल स्ट्राइक का समर्थन करते हुए अमेरिका ने कहा है कि भारत अन्य देशों की तरह को भी आत्मरक्षा का अधिकार मिला हुआ है। अमेरिका ने अफगानिस्तान में शांति को कश्मीर मुद्दे से जोड़ने के लिए भी पाकिस्तान की आलोचना की है।
एक असामान्य घटना के तहत ह्वाइट हाउस में दक्षिण एशिया के मामले देख रहे पीटर लेवोय मंगलवार को एक कार्यक्रम में दर्शकों से रूबरू हुए।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उड़ी में सेना पर हमला सीमा पार आतंकवाद का स्पष्ट उदाहरण था। यह भयानक था। हम इस हमले की निंदा करते हैं।
लेवोय ने कहा कि भविष्य में आतंकी हमलों को रोकने के लिए भारत की चिंता से हम भी चिंतित हैं। हम भारत के इस रुख का समर्थन करते हैं कि सीमा पार आतंकवाद को रोकने के लिए सैनिक कार्रवाई जरूरी है। हालांकि, हम उसे सावधानी बरतने की सलाह भी देते हैं।
उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच टकराव का एक लंबा इतिहास रहा है। दोनों देश अब तक इससे बाहर निकलने का रास्ता नहीं खोज पाए हैं।