मुलायम संदेश यात्र का दूसरा चरण सीतापुर में समाप्त हुआ
सीतापुर : प्रदेश सरकार की साढ़े चार वर्ष की उपलब्धियों और समाजवादी पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू की गई मुलायम संदेश यात्र का दूसरा चरण रविवार को सीतापुर पहुंचकर समाप्त हुआ। शाहजहांपुर से चलकर समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास यादव के नेतृत्व में संदेश यात्र सीतापुर की महोली विधान सभा पहुंची।
यहां जिलाध्यक्ष छत्रपाल यादव, जिलाध्यक्ष लखीमपुर अनुराग पटेल, कस्ता विधायक सुनील कुमार लाला, जिपंस प्रतिनिधि मनोज मिश्र, जिपंस सुशील गौतम, मुन्ना लाल यादव, अनूप सिंह प्रधान समेत तमाम लोगों ने यात्र का स्वागत किया। महोली से चलकर संदेश यात्र मुख्यालय के टाउन हाल स्थित पार्टी कार्यालय पर पहुंची। यहां नगर विधायक राधेश्याम जायसवाल ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ विकास यादव का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
इस मौके पर आयोजित पत्रकार वार्ता में विकास यादव ने कहा कि वर्ष 2012 के घोषणा पत्र में किए गए सभी वादों को युवा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पूरा किया है। साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल में 29 प्रमुख योजनाएं शुरू की गई हैं, जिनका सीधा लाभ प्रदेश के हर वर्ग के लोगों को मिल रहा है। इनमें समाजवादी पेंशन योजना, समाजवादी एंबुलेंस, निश्शुल्क लैपटाप योजना, कन्या विद्याधन समेत तमाम जन कल्याणकारी योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि लखनऊ में मेट्रो और लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे का निर्माण प्रदेश सरकार की प्रमुख उपलब्धियां रही हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आवाह्न करते हुए कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार के साथ कांग्रेस और बसपा ने प्रदेश के विकास के लिए कुछ नहीं किया है। ऐसे में आज आवश्यकता है कि सपा की नीतियों व सरकार की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाया जाए। ताकि सूबे में एक बार पुन: समाजवादी पार्टी की सरकार बन सके। पार्टी में चल रही अंर्तकलह और कौमी एकता दल के विलय संबंधी एक सवाल के जवाब में विकास यादव ने कहा कि पार्टी में सबकुछ नेताजी के निर्देश पर हो रहा है।
पार्टी को निरंतर मजबूत बनाने के लिए हर स्तर पर कदम उठाया जा रहा है। रविवार को बसपा की रैली में हुई मौतों के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मृतकों के परिजन को दो-दो लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है।