Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

लड़की ने सत्येंद्र जैन पर फेंका जूता, बोली- इनको जूते मार-मार के पाकिस्तान बॉर्डर छोड़कर आने वाली थी

लड़की ने सत्येंद्र जैन पर फेंका जूता, बोली- इनको जूते मार-मार के पाकिस्तान बॉर्डर छोड़कर आने वाली थी
X

आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और दिल्ली के स्वास्थ मंत्री सत्येंद्र जैन पर एक लड़की ने जूता फेंका। हालांकि सत्येंद्र जैन की गाड़ी पहले ही आगे बढ़ गई थी इसलिए उन्हें जूता लगा नहीं। सत्येंद्र जैन पर उस वक्त जूता फेंका गया जब वह इनकम टैक्स के दफ्तर से बाहर आ रहे थे। जिस लड़की ने जूता फेंका उसका नाम भावना अरोड़ा है। वह आम आदमी सेना की सदस्य है। भावना ने बताया कि वह केजरीवाल की उस वीडियो से नाराज है जिसमें केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कहा था कि वह सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत दुनिया को दिखाएं। भावना ने केजरीवाल पर आरोप लगाए कि वह गंदी राजनीति पर उतर आए हैं। इसके साथ ही उसने केजरीवाल पर आरोप लगाए कि वह पाकिस्तान समर्थक हो गए हैं। भावना ने एक निजी चैनल से बात करते हुए कहा, 'आज मैं इनको जूते मार-मार के पाकिस्तान बॉर्डर छोड़कर आने वाली थी। ये पाकिस्तान समर्थक हैं।'

भावना अरोड़ा पहली बार सुर्खियों में नहीं आई हैं। इससे पहले वह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी स्याही फेंक चुकी हैं। तब उन्होंने केजरीवाल और आम आदमी पार्टी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। भावना अरोड़ा ने दिल्‍ली सरकार की ओर से ऑड-ईवन की सफलता की खुशी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केजरीवाल पर स्याही फेंक दी थी। छत्रसाल स्‍टेडियम में आयोजित उस कार्यक्रम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, फिर भी भावना केजरीवाल के बेहद करीब पहुंचने में कामयाब रही। स्याही फेंके जाने पर अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'उनको छोड़ दीजिए। वो किसी घोटाले की बात कर रही हैं। उनसे कागज ले लीजिए।' भावना ने आरोप लगाया था कि दिल्‍ली में सीएनजी से जुड़ा घोटाला हुआ है। केजरीवाल ने दिल्ली को धोखा दिया है। भावना ने यह भी कहा कि वह आम आदमी पार्टी की सदस्‍य है और उसके पास सबूत के तौर पर एक सीडी भी है।

Next Story
Share it