आठ फ्रंटल संगठनों में से केवल दो के पदाधिकारियों ने शिवपाल से मुलाकात की

आगरा: बुधवार को सपा प्रदेश अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव आगरा आए, तो पार्टी कार्यकर्ता उनके सामने अखिलेश यादव के नारे लगाने से बचे। वहीं दूसरी ओर युवाओं ने उनसे दूरी बनाकर रखी। आठ फ्रंटल संगठनों में से केवल दो के पदाधिकारियों ने ही शिवपाल यादव से मुलाकात की।
उत्तर भारत में प्रसिद्ध आगरा की रामलीला में शामिल होने शिवपाल यादव शाम 4:30 बजे सर्किट हाउस पहुंचे। प्रदेश अध्यक्ष के करीब जाने की कार्यकर्ताओं में होड़ रही। इसके चलते सपाइयों में खूब धक्का-मुक्की भी हुई। कार्यकर्ताओं ने चांदी का मुकुट पहनाकर उनका स्वागत किया। सपाई पार्टी में चाचा-भतीजे के बीच चल रही तल्खियों के चलते सावधानी बरतते दिखे। उन्होंने मुलायम सिंह यादव और शिवपाल यादव के नारे तो लगाए, लेकिन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का नाम तक न लिया। सपा प्रदेश अध्यक्ष ने मीडिया से दूरी बनाए रखी।
वहीं पार्टी के युवाओं ने जरूर गैरहाजिरी दिखाई। अखिलेश के समर्थक माने जाने वाले युवाओं ने शिवपाल से मुलाकात से परहेज किया। केवल सपा छात्र सभा के महानगर अध्यक्ष निर्वेश शर्मा और मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष शिवेंद्र सिंह सिकरवार ने उनसे मुलाकात की।
छह अन्य फ्रंटल संगठनों की टीम में से कोई नहीं आया। इस दौरान खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री रामसकल गुर्जर, जिलाध्यक्ष रामसहाय यादव, शहर अध्यक्ष रईसुद्दीन, जिला पंचायत अध्यक्ष कुशल यादव, राजपाल यादव, हरेंद्र सिंह, डॉ. कुंदनिका शर्मा, क्षमा जैन सक्सेना समेत अन्य सपाई मौजूद रहे।
बग्गी पर सवार हुए शिवपाल: शिवपाल यादव बुधवार को जनकपुरी में शाही अंदाज में पहुंचे। वह शांति स्वीट्स से बग्गी में सवार होकर जनक महल तक गए।
सपा जिलाध्यक्ष से धक्कामुक्की: शिवपाल यादव की बग्गी पर सपा जिलाध्यक्ष रामसहाय यादव ने चढ़ने की कोशिश की। इस पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें धक्का दे दिया। इस पर काफी देर तक तकरार हुई। जिलाध्यक्ष रामसहाय यादव ने कहा कि उनसे कोई तकरार नहीं हुई है