सपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 6 अक्टूबर को होगी
BY Suryakant Pathak28 Sep 2016 2:07 PM GMT

X
Suryakant Pathak28 Sep 2016 2:07 PM GMT
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सत्तारुढ समाजवादी पार्टी (सपा) की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आगामी छह अक्टूबर को होगी। सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव की मौजूदगी में होने वाली इस बैठक में राज्य विधानसभा के अगले साल होने वाले चुनाव के बारे में चर्चा की जाएगी। पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव को बनाये जाने के बाद पहली बार हो रही बैठक में पार्टी में हालिया विवाद के बाद उपजी स्थितियों पर भी विचार किया जा सकता है।
दूसरी ओर, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सपा से निष्कासित अपने युवा समर्थकों की वापसी की मांग कर सन्देश देने की कोशिश की है, वह चुप नहीं बैठेंगे। मुख्यमंत्री को हटाकर शिवपाल सिंह यादव को प्रदेश अध्यक्ष बनाने पर अखिलेश यादव समर्थक युवा नेताओं ने प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की थी। युवाओं ने मुलायम सिंह यादव के घर के बाहर भी प्रदर्शन किया था। इसके बाद राज्य विधान परिषद के तीन सदस्य संजय लाठर, सुनील यादव और आनन्द भदौरिया को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था, जबकि पार्टी के चारो युवा संगठनों के अध्यक्षों ने पद छोड दिया था। इन चारों को भी पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था। पार्टी से निष्कासित इन युवाओं को मुख्यमंत्री ने पार्टी में फिर से शामिल करने की मांग की है और इसके लिए उन्होंने बाकायदा मुहिम छेड दी है।
Next Story