पाक हीरो-हीरोइन को जूते मारकर भगा देना चाहिए : संगीत सोम

सरधना विधायक संगीत सोम ने रविवार को ग्राम कैली में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि पाकिस्तान के साथ नरमी नहीं बरतनी चाहिए। पाकिस्तान के जितने भी हीरो-हीरोइन भारत में काम कर रहे हैं उन्हें जूते मारकर भगा देना चाहिए। उन्होंने प्रदेश सरकार को भी जमकर कोसा। कहा कि प्रदेश सरकार ने साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल में 450 दंगे कराए हैं। यहां भाजपा की सरकार बनने पर गुंडों को जेल भेजा जाएगा।
उन्होंने कहा कि विधायक का अर्थ जमीनों पर कब्जा करना, दंगे कराना अथवा जनता का शोषण करना नहीं है। उन्हें जिम्मेदारी का निर्वहन करना चाहिए। सोम ने कहा कि वे गोरक्षा, मां-बेटी और अपनों की सुरक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। विधायक ने बताया कि केंद्र सरकार ने युवाओं के लिए रोजगार, किसानों की फसलों और निर्धन कन्याओं के लिए बीमा योजना चलाई हैं।
वहीं, प्रदेश सरकार इन्हें लागू नहीं होने दे रही है। प्रदेश सरकार ने साढे़ चार साल के कार्यकाल में 450 दंगे कराये हैं। कवाल कांड के दौरान उन्होंने कर्तव्य पालन करने का प्रयास किया तो इससे बौखलाई प्रदेश सरकार ने उन्हें आतंकवादी बना दिया। उन्हें 58 दिन के लिए जेल भेज दिया। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने गन्ने का रेट नहीं बढ़ाया बल्कि 50 रुपये बाद में देने का वायदा करके घटा दिया। गन्ना किसानों का बकाया भुगतान नहीं किया। जिससे वे आत्महत्या को मजबूर हैं।
छह हजार करोड़ प्रदेश सरकार हज्म कर गई
केंद्र ने गन्ना किसानों के लिए छह हजार करोड़ दिए परंतु प्रदेश सरकार उन्हें हज्म कर गई। इतना ही नहीं, मिलों से मिलकर बकाया भुगतान भी रुकवा दिया। विधायक ने कहा कि प्रदेश में बंटवारे को लेकर यादव परिवार में रार है। वे सभी अलग-अलग सूबे का मुख्यमंत्री बनना चाह रहे हैं। वहीं, भारत माता को डायन कहने वाले कैबिनेट मंत्री आजम खां प्रधानमंत्री का ख्वाब संजोए हैं। हालांकि वह चपरासी बनने लायक भी नहीं हैं। प्रदेश सरकार को बेरोजगारी नहीं दिख रही है।
प्रदेश में 4500 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती की गई, लेकिन 3800 लोग केवल दो जिलों के ही भर्ती कर लिये। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार ने रामपुर में जौहर यूनिवर्सिटी बनाने के लिए हजारों परिवारों को बेघर कर दिया। वहां पढ़ाई नहीं आतंकवादी तैयार किए जा रहे हैं। यहां युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रोबिन गुर्जर, कुलदीप त्यागी, ओमवीर सिंह, सुधीर त्यागी, राजेश्वर छतरी, फिरेराम वर्मा, ग्राम प्रधान अमित त्यागी ने भी विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुंवरसैन त्यागी ने की और संचालन दिनेश त्यागी पांची ने किया।
संगीत सोम ने कार्यक्रम आयोजक अनुभव त्यागी को कार्यक्रम की सफलता पर बधाई दी। यहां अमित त्यागी, विशांत त्यागी, रोहित गुप्ता, प्रेमप्रकाश त्यागी, निकुंज त्यागी, धर्मवीर त्यागी, ओमकार त्यागी, मुकेश त्यागी, अजीत त्यागी, विशाल, संजय, कलवा, डेविड त्यागी, दीपांशु त्यागी, आशीष त्यागी, बालकराम त्यागी सहित कई लोग मौजूद रहे। विधायक संगीत सोम का खरखौदा में सोम सेना और लालपुर में भाजपाइयों ने स्वागत किया।