अखिलेश खेमे में हैं मुलायम परिवार के 9 सदस्य, जबकि शिवपाल को है केवल 4 का साथ

मुलायम सिंह यादव को राजनीति में आए हुए लगभग 50 साल का वक्त हो चुका है। 50 साल पहले वह सबसे पहली बार विधायक बने थे। इसके बाद उनके परिवार के 17 और सदस्यों ने मुलायम की राह पर चलते हुए राजनीति में कदम रखा। इसमें उनके बेटे, बहु, भाई, चचेरे भाई, भतीजे, भांजी सभी शामिल हैं। तब से लेकर अबतक मुलायम सिंह ही पार्टी से सबके काम का बंटवारा करते रहे हैं। वह ही ध्यान रखते है कि किसे क्या पोजिशन दी जाए, या किसको किस विभाग में लगाया जाए। लेकिन अब पार्टी बदल रही है। मुलायम सिंह यादव के भाई शिवपाल सिंह यादव और बेटे अखिलेश यादव के बीच हुई राजनीतिक लड़ाई ने पार्टी को बदल दिया। अब अधिकतर लोगों को लगने लगा है कि पार्टी खेमों में बंट गई है। इसमें से एक अखिलेश का खेमा है और दूसरा शिवपाल का। इन खेमों में पार्टी के कार्यकर्ता ही नहीं परिवार के लोग भी बंट गए हैं। देखिए कौन किस खेमें में है-
सबसे पहले अखिलेश के खेमे पर नजर डालते हैं। इसमें सबसे पहले अखिलेश की पत्नी यानीडिंपल यादव का नाम आता है। वह कन्नोज से सांसद हैं।
रामगोपाल यादव: 70 साल के रामगोपाल यादव मुलायम सिंह के चचेरे भाई हैं। वह समाजवादी पार्टी में महासचिव के पद पर भी हैं। फिलहाल पर राज्य सभा सांसद भी हैं। वह इस वक्त अखिलेश के साथ खड़े हैं।
अक्षय यादव: 29 साल के अक्षय यादव रामगोपाल के बेटे हैं। वह फिरोजाबाद के सांसद भी हैं। वह हाल के मामले में सिर्फ एक बार ही सामने आए। वह भी जब उनके चचेरे भाई अरविंद सिंह को शिवपाल ने प्रमुख महासचिव के पद से हटा दिया था। तब अक्षय ने कहा था कि किसी को बिना जांच के ऐसे नहीं हटाना चाहिए।
धर्मेंद्र यादव: 38 साल के धर्मेंद्र मुलायम के भाई अभय राम के बेटे हैं। वह बदायूं से सांसद हैं। उनके पिता तो राजनीति में नहीं है लेकिन वह दूसरी बार बदायूं से सांसद बने हैं।
संध्या यादव: 38 साल की संध्या मुलायम की भांजी हैं। वह मैनपुरी से जिला पंचायत की चेयरमैन हैं। सैफई में होने वाले सपा के कार्यक्रम की तैयारी करने में उनका अहम रोल रहता है। वह राजनीति में इसी साल आई हैं।
तेज प्रताप सिंह यादव: 27 साल के तेज मुलायम के पोते हैं। उनकी शादी लालू प्रसाद यादव की बेटी से हुई है। तेज मैनपुरी से सांसद हैं। वह सपा के सबसे युवा सांसद हैं।
मृदुला यादव: वह तेज प्रताप की मां है। 2015 में उन्हें सैफई की ब्लॉक प्रमुख बनाया गया था। वह फिलहाल दिल्ली में रहती हैं।
अरविंद सिंह: वह रामगोपाल ने भतीजे हैं। वह इस वक्त MLC हैं। उन्हें राजनीति में आए हुए 5 साल ही हुए हैं।
बिल्लु यादव: यह भी रामगोपाल ने भतीजे हैं। उन्हें करहाल से ब्लॉक प्रमुख का पद दिया गया है। लेकिन वह बिजनेस में ज्यादा बिजी रहते हैं।
शिवपाल सिंह यादव की टीम
प्रतीक यादव: इस टीम में सबसे पहले प्रतीक यादव का नाम आता है । 29 साल के प्रतीक मुलायम की दूसरी पत्नी साधना के लड़के हैं। वह राजनीति में ज्यादा एक्टिव नहीं है। वह बिजनेस करते हैं और एक जिम भी चलाते हैं। उन्हें और अखिलेश को बहुत कम बार साथ देखा गया है।
अपर्णा यादव: 26 साल की अपर्णा, प्रतीक यादव की पत्नी हैं। वह एक NGO चलाती हैं। उन्हें 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी भी बनाया गया है।
आदित्य यादव: 28 साल के आदित्य शिवपाल के बेटे हैं। वह IFFCO के डायरेक्टर भी हैं। उन्हें लोकसभा टिकट मिलने वाली थी लेकिन फिर किन्हीं कारणों से उनकी जगह रामगोपाल के बेटे अक्षय को दे दी गई।
डॉ अजंत सिंह यादव: 62 साल के अजंत मुलायम और शिवपाल की बहन कमला देवी के पति हैं। वह इटावा के ब्लॉक प्रमुख हैं।
जो फिलहाल किसी खेमे में नहीं
अंशुल यादव: 28 साल के अंशुल मुलायम के भतीजे हैं। वह मुलायम के भाई राजपाल के बेटे हैं। उन्हें इस वक्त इटावा की जिला पंचायत का चेयरमैन बनाया गया है।
अनुराग यादव: यह भी मुलायम के भतीजे हैं। उन्हें सपा की यूथ विंग का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है।