शिवपाल यादव को पीडब्ल्यूडी नहीं, दो मंत्रियों के विभागों में भी फेरबदल किये जाने की संभावना

लखनऊ : समाजवादी संग्राम को नियंत्रित करने के'मुलायम फामरूले' को आंशिक बदलाव से साथ लागू करने की शुरुआत हो गयी है। शनिवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शिवपाल यादव का पीडब्ल्यूडी विभाग अपने पास रखते हुए सभी विभाग वापस कर दिये। उन्हेंचिकित्सा शिक्षा व लघु सिंचाई विभाग का कार्य सौंपा गया है।
इसे उनका कद बढ़ा दिखाने का प्रयास माना जा रहा है। शिवपाल के पास अब 13 विभाग हो गये हैं।
समाजवादी परिवार में रविवार को शुरू हुए सत्ता संग्राम पर विराम के लिए शुक्रवार को 'मुलायम फामरूला' सामने आया था, जिसमें शिवपाल यादव का विभाग लौटाने व प्रदेश अध्यक्ष पद बनाये रखने की भी बात थी। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस पर अमल करते हुए शनिवार को राज्यपाल राम नाईक को शिवपाल यादव को सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण, राजस्व, अभाव, सहायता एवं पुर्नवास, लोक सेवा प्रबंधन, सहकारिता, चिकित्सा शिक्षा, आयुष और लघु सिंचाई विभाग का अतिरिक्त कार्यभार सौंपने का प्रस्ताव भेजा।
परती भूमि विकास, भूमि विकास एवं जल संसाधन, समाज कल्याण विभाग उनके पास पहले से थे। इससे उनके विभागों की संख्या 13 हो गयी है। अलबत्ता लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) अपने पास रख लिया है। मुख्यमंत्री ने अपने विभागों में से चिकित्सा शिक्षा व लघु सिंचाई शिवपाल को देकर जहां उनका कद बड़ा दिखाने का प्रयास किया है, वहीं लोक निर्माण विभाग न देकर यह संकेत भी दिया है कि परिवार में विवाद के कारणों में कहीं न कहीं 'ठेका-पट्टा' की भी भूमिका थी।
चार दिन में विभाग वापस : मुख्यमंत्री ने 13 सितंबर को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाये जाने की नाराजगी में शिवपाल यादव से लेकर सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग अवधेश प्रसाद को सौंपा था। चार दिन में ही उनसे यह विभाग वापस हो गया है। वह अब वह होमगार्ड एवं पीआरडी संगठन के मंत्री रहेंगे। इसी तरह उसी दिन माघ्यमिक शिक्षा मंत्री बलराम यादव को शिवपाल के पास रहा राजस्व, अभाव, सहायता एवं पुनर्वास, लोक सेवा प्रबंधन तथा सहकारिता विभाग दिया गया था, जो वापस हो गया है। उनके पास अब सिर्फ माध्यमिक शिक्षा विभाग ही रहेगा। ये अलग बात है कि दोनों मंत्रियों ने शिवपाल यादव से लेकर दिये गये विभागों का कार्यभार संभाला ही नहीं था।
मंत्रिमंडल विस्तार का समय मांगा : मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सरकार के आठवें विस्तार के लिए राज्यपाल से समय मांगा है। राज्यपाल को भेजे पत्र में मुख्यमंत्री ने कहा है कि अमेठी के विधायक गायत्री प्रजापति को मंत्री पद की शपथ दिलाने के लिए समय निर्धारित करने को कहा है। सूत्रों का कहना है कि नये मंत्री को सोमवार को शपथ दिलायी जा सकती है। इसी विस्तार में पश्चिमी उत्तर प्रदेश व अवध क्षेत्र के दो मंत्रियों के विभागों में भी फेरबदल किये जाने की संभावना है।
6विभाग बढ़ाकर कद ऊंचा दिखाने की कोशिश