Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

लखनऊ में सड़क पर सपा कार्यकर्ता, सीएम अखिलेश के समर्थन में नारेबाजी

लखनऊ में सड़क पर सपा कार्यकर्ता, सीएम अखिलेश के समर्थन में नारेबाजी
X
लखनऊ । समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव के कल मैदान में उतरने के कारण पार्टी के भीतर की रार भले ही थोड़ी मंद पड़ गई हो लेकिन आज एक बार फिर पार्टी के कार्यकर्ता खेमा में बंट गए हैं। फिलहाल मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के समर्थक कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर नारेबाजी कर रहे हैं।
लखनऊ-मुलायम के सुरक्षाकर्मियो-कार्यकर्ताओं में झड़प,जमकर धक्का-मुक्की,मुलायम का घर घेरने दौड़ने सपा के यूथ कार्यकर्ता

मामला गंभीर होता देख समाजवादी पार्टी कार्यालय पर बड़ी संख्या में पीएसी तैनात कर दी गई है।समाजवादी पार्टी में एक बार फिर जोरदार घमासान दिख रहा है।
लखनऊ में पार्टी के कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए हैं। पार्टी के कार्यकर्ता शिवपाल सिंह यादव को प्रदेश अध्यक्ष बनाने के मुलायम सिंह यादव के फैसले के खिलाफ पार्टी कार्यालय के साथ ही कालीदास मार्ग पर आक्रामक प्रदर्शन कर रहे हैं। यह सभी लोग मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को एक बार फिर से पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाने की मांग कर रहे हैं।

इनको आक्रामक प्रदर्शन को देखते हुए पीएसी की कई कंपनियां तत्काल सुरक्षा के लिए बुलाई गई है। विक्रमादित्य मार्ग पर सपा कार्यालय के बाहर अखिलेश यादव के समर्थक बवाल कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी में समर्थकों के बीच मारपीट के हालात बन गए हैं। इसको देखते हुए सपा कार्यालय के बाहर पुलिस के साथ पीएसी तैनात की गई है।बड़ी संख्या में अखिलेश समर्थक 5 वीडी रवाना,पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रास्ते में समर्थको को रोका।

समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पार्टी के मुख्यालय विक्रमादित्य मार्ग पर डटे हैं।यह सब सड़क पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के समर्थन में नारा लगा रहे हैं। इनकी मांग अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश समाजवादी पार्टी का अध्यक्ष बनाने की है। फिलहाल कोई भी बड़ा नेता इनको समझाने सामने नहीं आया है।

यह लोग मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के साथ ही कन्नौज से सांसद सीएम की पत्नी डिंपल यादव के चित्र को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। सपा मुख्यालय के सामने प्रदर्शन करने वालों में अधिकांश समाजवादी लोहिया वाहिनी तथा यूथ ब्रिगेड के कार्यकर्ता हैं।

इनका कहना है कि हमको पता है कि पार्टी के मुखिया नेताजी (मुलायम सिंह यादव) निराश नहीं करेंगे। अब जब तक अखिलेश यादव को प्रदेश अध्यक्ष नहीं बनाया जाता है, हमारा प्रदर्शन जारी रहेगा। यह सब युवा कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय पर नेताजी से अपनी बात कहने आए हैं। इनको यह भी नहीं पता है कि आज नेताजी पार्टी कार्यालय पर आएंगे या नहीं। इनको भरोसा है कि नेताजी युवाओं की बात मानते हैं।

हम सब भी नेताजी की बात मानते हैं। नेताजी ने अभी तक सबका सम्मान लौटाया, अब वह मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का भी सम्मान लौटाएं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रदेश में अखिलेश यादव जैसा विकास का काम किसी भी राज्य के मुख्यमंत्री ने नहीं किया।
पार्टी में नेताजी के खिलाफ कोई नहीं, लेकिन वह विकास अखिलेश यादव को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष भी बनाएं। सीएम ने चार वर्ष में उत्तर प्रदेश में विकास का एतिहासिक काम किया है।

विधान परिषद सदस्य तथा सीएम अखिलेश यादव के खास माने जाने वाले आनंद भदौरिया ने मुलायम सिंह यादव को सलाह तक दे डाली है।

भदौरिया ने कहा कि हम पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव से प्रदेश नेतृत्व बदलने की मांग करेंगे। हमारा मानना है कि नेताजी बीच युद्ध सेनापति न बदलें। अब उनको पार्टी का नेतृत्व युवा हाथों को सौंप देना चाहिए। फिलहाल मुख्यमंत्री अखिलेश समर्थक विधायकों का उनके सरकारी आवास पर जमावड़ा है।

इस समय करीब दो दर्जन मुख्यमंत्री समर्थक विधायक पांच कालीदास मार्ग पर डटे हैं। उधर पार्टी के कई विधायक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव के घर पर मौजूद हैं। सीएम के सरकारी आवास पर 23 तथा शिवपाल यादव के सरकारी आवास पर 11 विधायक मौजूद हैं।
Next Story
Share it