कार्यकर्ताओं के आचरण से , दुखी होते हैं नेताजी!
लखनऊ : ..बात कड़वी है, लेकिन सच है। नेताजी बहुत दुखी रहते हैं। उनके इस दुख का कारण कुछ कार्यकर्ताओं का गलत आचरण है। नेताजी घर पर अक्सर यह दुख बयां करते हैं और खामोश हो जाते हैं। वह इससे भी दुखी रहते हैं कि कुछ कार्यकर्ता रंगीन चश्मा लगाकर उनके सामने आ जाते हैं। कमीज का बटन खुला रखते हैं और हूटर लगी बड़ी गाड़ियों पर घूमते हैं। बड़ों का सम्मान तक भूल गए हैं।
सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव का यह दर्द कार्यकर्ताओं के बीच उनकी छोटी बहू और कैंट विधानसभा क्षेत्र से सपा उम्मीदवार अपर्णा यादव ने रखा। चारबाग स्थित रवींद्रालय में बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद अपर्णा यादव ने कार्यकर्ताओं का हाथ उठवाकर जानना चाहा कि कितने लोग नेताजी को मानते हैं। फिर पूछा कि पिता दुखी हों तो आपको क्या अच्छा लगेगा? नेताजी जी दुखी हैं, घर में अकेले में बात करते हैं तो उनका दुख सामने आ जाता है।