Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

किसान को खुशहाल बनाना ही समाजवादियों का लक्ष्य : शिवपाल

किसान को खुशहाल बनाना ही समाजवादियों का लक्ष्य : शिवपाल
X

देवरिया : कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि गुरुवार तक नहरों की टेल तक पानी नहीं पहुंचा तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। नलकूपों की मरम्मत के लिए धन अवमुक्त कर दिया गया है। अधिकारी शीघ्र नलकूपों को चालू करा दें।

शिवपाल बुधवार को रामपुर कारखाना विधानसभा क्षेत्र के श्री नारायण प्रसाद शाही इंटर कालेज के मैदान में 36526.03 लाख की सोलह परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 384.85 लाख की लागत से 15 परियोजनाओं का लोकार्पण के पश्चात बूथ एवं कार्यकर्ता सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देवरिया के नलकूपों को चालू कराने के लिए धन अवमुक्त करा दिया गया है। सभी नलकूप शीघ्र चालू हो जाने चाहिए। ताकि किसानों को सिंचाई के लिए भटकना न पड़े। सरकारी बजट से पुल, पुलिया, सड़क नहर का निर्माण कार्य हो रहा है तो उसकी गुणवत्ता की निगरानी कार्यकर्ता को स्वयं करनी होगी। सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार को समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। शिवपाल ने कहा कि संगठन के बिना किसी भी लड़ाई और चुनाव को नहीं जीता जा सकता है। सपा जब सत्ता में नहीं रहती है तो सपा के लोग सड़कों पर संघर्ष करते हुए दिखाई देते हैं। देवरिया का इतिहास रहा है कि जब भी आंदोलन हुआ है यहां के लोगों ने बढ़ चढ़कर कर भाग लिया है। नेताजी मुलायम सिंह यादव जब भी सत्ता में आए। उन्होंने सबसे पहले गांव व गलियों के विकास से शुरुआत की। उन्होंने मुख्यमंत्री बनने के बाद किसानों का कर्ज माफ किया था। इसके पहले बसपा की सरकार थी, जिन्होंने पांच साल में सिर्फ पत्थर लगाने का काम किया है। पूर्व की बेईमान सरकार में विकास कार्य पत्थर, मूर्ति लगाने के साथ ही कमीशन खोरी तक सिमट कर रह गई थी। अब ऐसा नहीं होने पाएगा। तहसील और थानों के अधिकारियों के स्तर से जनता का कोई काम रुकना नहीं चाहिए। हालांकि अधिकारी जनता के कार्यों को टालने में माहिर है, फिर भी अधिकारी अपने आदत में सुधार कर लें। प्रदेश में सपा सरकार हर वर्ग के लिए काम कर रही है। लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता से बहुत वादा किया था, लेकिन पूरा एक भी नहीं किया। 24 कोआपरेटिव बैंक बंद हो गए थे। उसको चालू कराने के लिए 251 करोड़ रुपये अवमुक्त किये गए। सम्मेलन की संयोजक क्षेत्रीय विधायक गजाला रहीं।

Next Story
Share it