मुख्यमंत्री का सराहनीय कदम शची पांडेय के लिए दो लाख स्वीकृत

सीतापुर : अपनों की सताई शची पांडेय के ख्वाब अब परवान चढ़ने लगे हैं। खबर का मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने संज्ञान लिया था। मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक मदद को दो लाख रुपये स्वीकृत हो गए। सीतापुर शिक्षण संस्थान में बीएससी नर्सिंग में उसका दाखिला होगा और संस्थान उसे नि:शुल्क शिक्षा देगा। मुख्यमंत्री के निर्देश पर तेजी दिखाते हुए जिलाधिकारी ने शची के पैतृक गांव में लोहिया आवास का निर्माण कार्य भी शुरू करा दिया है।
इंटर में अव्वल नंबर लाने वाली शची पांडेय ने मदद के लिए प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को मार्मिक पत्र लिखा था। 'जनता की आवाज़ ' में शनिवार को खबर प्रकाशित की थी। खबर का संज्ञान लेते मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को त्वरित राहत पहुंचाने के निर्देश दिए थे। शनिवार को ही जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी ने लोहिया आवास स्वीकृत करते हुए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक मदद के लिए संस्तुति कर दी थी। मंगलवार को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से दो लाख रुपये की आर्थिक मदद की भी मंजूरी दे दी गई। शची के पैतृक गांव सिधौली ब्लॉक के बेरसापुर गांव में लोहिया आवास निर्माण का कार्य भी शुरू करा दिया गया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिलाधिकारी ने सीतापुर शिक्षण संस्थान के प्रबंध निदेशक ललित मेहरोत्र से वार्ता कर इस बेटी की नि:शुल्क शिक्षा की व्यवस्था कराई।