'राजनीति बहुत कठिन, मैं भाग्य से बना मुख्यमंत्री'

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि राजनीति करना बहुत मुश्किल है। कभी-कभी भाग्य से मौके मिल जाते हैं। हमें भी नेताजी (मुलायम सिंह यादव) ने मौका दिया है, इसे भाग्य ही कहा जाएगा।
विधानसभा में बुधवार को वरिष्ठ विधायकों के सम्मान के मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि हम पहली बार सदन में आए, नेताजी के आशीर्वाद से मुख्यमंत्री बनने का मौका मिल गया। जब हम लोकसभा सदस्य थे, तब राजनीति को आसान समझते थे, लेकिन यह बहुत मुश्किल काम है।
हमें भाग्य से अवसर मिल गया लेकिन बहुत से सदस्यों ने न जाने कितना परिश्रम किया है। उन्होंने पहले टिकट पाने के लिए, फिर जीतने के लिए, जीत गए तो अगले चुनाव में फिर टिकट के लिए कठिन सफर तय किया है। जो विधायक 25 साल से ज्यादा समय से चुनकर आ रहे हैं, उन्होंने जनता का दिल जीता है।
चाहते हैं इसी तरह 25 साल साथ गुजारें
अखिलेश ने कहा, हम चाहते हैं कि 25 साल हम सदन में इसी तरह साथ गुजारें। पक्ष-विपक्ष की तरफ इशारा करते हुए बोले, सभी अपने-अपने पाले में रहें। हालांकि बहुत सारी चीजों पर बस नहीं होता है। कभी-कभी परिवर्तन अच्छे के लिए होता है।
सदन से निकलेगा खुशहाली का रास्ता
सीएम ने कहा कि आज भी कई पुराने सवाल सामने खड़े हैं। सदन में बहस, नियम और नीतियों से रास्ता निकालना होगा। हमारा देश और प्रदेश बड़ा है। इस विधानसभा की देश भर में गरिमा है।
माता प्रसाद पांडेय जैसे अध्यक्ष के रहते बहुत कुछ सीखने को मिला है। लोकतंत्र में बहुत बदलाव आए हैं, देश में खुशहाली का रास्ता भी यहीं से निकलेगा।