भाजपा व बसपा के विधायक अब सपा में आने को तैयार : अखिलेश
BY Suryakant Pathak30 Aug 2016 3:46 PM GMT

X
Suryakant Pathak30 Aug 2016 3:46 PM GMT
लखनऊ । विधानसभा चुनाव करीब आते देख प्रदेश की सियासत के बदलते रंग में आज मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी प्रकाश डाला। विधानमंडल के मानसून सत्र में अखिलेश यादव ने सदन में दो टूक कहा कि भाजपा के साथ ही बहुजन समाज पार्टी के अनेक विधायक समाजवादी पार्टी में आने को तैयार है।
मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा भारतीय जनता पार्टी के साथ ही बहुजन समाज पार्टी के कई विधायक पाला बदलने की तैयारी में लगे हैं। सभी समाजवादी पार्टी में आने को बेताब हैं। इसी अफरातफरी के कारण हमने अभी अपने कार्यालय का दरवाजा नहीं खोला है। अगर खोल दिया तो प्रदेश की राजनीति में भगदड़ मचनी तय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम लगातार अच्छा काम कर रहे हैं। प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी हम पकड़ मजबूत कर रखे हैं। उन्होंने कहा कि बसपा अध्यक्ष मायावती की मांग थी तो हमने भाजपा से निष्कासित दयाशंकर सिंह को गिरफ्तार भी करवा दिया। बसपा अध्यक्ष मायावती ने ने अपने कार्यकाल में मूर्तियां लगवाई थीं। हमने तो उनकी पेंटिंग लगाई है। हम महिलाओं का सम्मान करते हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि लोग प्रदेश में खराब कानून-व्यवस्था की बात करते हैं। बहुजन पार्टी के कई बड़े नेता आज भी जेल में हैं। भाजपा भी कानून-व्यवस्था की बात करती है, लेकिन भाजपा ने कई बार बसपा के साथ मिलकर प्रदेश में सरकार बनाई है। अखिलेश यादव ने बसपा के नेता गयाचरण दिनकर पर भी गंभीर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि गयाचरण तो स्वामी प्रसाद मौर्य से भी गये-गुजरे हैं। इनको अपनी सरकार के कार्यकाल की कानून-व्यवस्था याद नहीं है।
Next Story