अब यूपी का सियासी कीचड़ साफ करेंगे ब्रजेश पाठक
BY Suryakant Pathak28 Aug 2016 7:42 PM GMT

X
Suryakant Pathak28 Aug 2016 7:42 PM GMT
लखनऊ । बहुजन समाज पार्टी छोड़कर करीब एक हफ्ते पहले नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी में शामिल होकर आज लखनऊ पहुंचे पूर्व सासंद ब्रजेश पाठक अब उत्तर प्रदेश की सियासत में कीचड़ की सफाई में जुटेंगे। पाठक ने आज लखनऊ में भाजपा मुख्यालय में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
इसके बाद उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की सियासत में जो कीचड़ हो गया है, उसके लिए अब प्रदेश में कमल खिलाना बेहद जरूरी है।
पाठक ने कहा कि सिर्फ भाजपा में ही उत्तर प्रदेश की सियासत का कीचड़ साफ करने का जज्बा है। पार्टी में बेदाग छवि के नेताओं के दम पर ही यह देश की सत्ता पर काबिज है। पाठक के भाजपा में शामिल होने के बाद आज उनके रिश्तेदार पूर्व विधान परिषद सदस्य अरविंद त्रिपाठी उर्फ गुड्डू त्रिपाठी भी भाजपा में शामिल हो गए।
इससे पहले ब्रजेश पाठक दिन में शताब्दी एक्सप्रेस से नई दिल्ली से लखनऊ पहुंचे।
चारबाग से रास्ते भर उनके स्वागत में लोग बड़ी संख्या में उमड़े। उनके स्वागत में भारी भीड़ के कारण शहर के मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया। प्रदेश मुख्यालय पंहुचे ब्रजेश पाठक ने यातायात पुलिस के निर्धारित रूट पर अपने काफिला को रखा।
बर्लिंगटन चैराहे से लालबाग की तरफ मुडऩे के बाद काफिला फिर बापू भवन से प्रदेश भाजपा मुख्यालय पहुंचा। ब्रजेश पाठक के साथ काफिला में लखनऊ के भाजपा नेता भी थे। इस दौरान सड़क पर जमकर आतिशबाजी की गई।
दिल्ली से चारबाग आने पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री विजय पाठक ने ब्रजेश पाठक का स्वागत किया। इसके बाद उनका काफिला धीरे धीरे पार्टी मुख्यालय की तरफ बढ़ा।
Next Story