UP: मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलें हुई तेज
BY Suryakant Pathak26 Aug 2016 10:47 PM GMT

X
Suryakant Pathak26 Aug 2016 10:47 PM GMT
लखनऊ: समाजवादी पार्टी(सपा) अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव द्वारा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और लोक निर्माण विभाग के मंत्री शिवपाल सिंह यादव के साथ ही कुछ अन्य मंत्रियों को अचानक बुलाये जाने की वजह से राज्य मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलें तेज हो गयी हैं। मुलायम सिंह यादव ने पहले मुख्यमंत्री और लोक निर्माण विभाग के मंत्री को अपने आवास बुलाया। इसके बाद समाज कल्याण मंत्री राम गोविन्द चौधरी, उद्यान मंत्री पारस यादव और बिजली राज्य मंत्री शैलेन्द्र यादव ललई तथा कुछ अन्य मंत्रियों को बुलाया गया।
इन मंत्रियों में तकरीबन सभी एक ही बिरादरी के थे। सपा अध्यक्ष के अचानक इन लोगों को बुला लेने से मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलें लगनी शुरु हो गयी हैं। राजनीतिक प्रेक्षकों के अनुसार सपा अध्यक्ष मंत्रिमंडल में जातीय समीकरण और संतुलित करना चाहते हैं। किसी ब्राह्मण को मंत्री बनाया जा सकता है। आगे क्या होगा यह तो अभी भविष्य के गर्भ में है लेकिन सपा अध्यक्ष के इस कदम से राजनीतिक हल्कों में अटकलों का बाजार गर्म हो गया है।
Next Story