Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

पश्चिमी उप्र में भाजपा की बसपा में बड़ी सेंध

पश्चिमी उप्र में भाजपा की बसपा में बड़ी सेंध
X

ग्रेटर नोएडा : पूर्वाचल में बसपा में बड़ी सेंध लगाने के बाद भाजपा की नजर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर हैं। इसके लिए कई मंत्रियों को लगाया गया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश बसपा का गढ़ रहा है। लेकिन लोकसभा चुनाव में भाजपा ने यहां की सभी सीटों पर कब्जा जमाया था। विधानसभा चुनाव में भी भाजपा इसे दोहराना चाहती है। भाजपाई जानते हैं कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बसपा को कमजोर किए बिना सत्ता तक पहुंचना कठिन होगा, इसलिए बसपा को बड़ा झटका देने की तैयारी है। बसपा के कई नेता हाथी की सवारी छोड़कर कमल खिला सकते हैं। इनमें गाजियाबाद के एक मौजूदा विधायक हैं।

उधर, कांग्रेस में भी भाजपा तोड़फोड़ कर रही है। सहारनपुर के एक कांग्रेसी विधायक और गौतमबुद्ध नगर के दिग्गज कांग्रेसी भाजपा का दामन थामने की तैयारी में हैं। पटकथा भी लिखी जा चुकी है, बस ऐलान होना बाकी है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ भाजपा पूर्व मुख्यमंत्री मायावती को उन्हीं के घर में घेरने की बड़ी तैयारी में जुटी है। गौतमबुद्ध नगर की तीन विधान सभा सीटों में से बसपा ने 2012 के चुनाव में दादरी और जेवर सीट पर कब्जा किया था। नोएडा सीट भाजपा की झोली में गई थी। पड़ोसी जनपद गाजियाबाद की पांच विधानसभा सीटों में से बसपा ने चार पर कब्जा जमाया था। गाजियाबाद में भाजपा की झोली खाली रही थी। गाजियाबाद, साहिबाबाद, लोनी और मुरादनगर बसपा के खाते में जबकि मोदीनगर रालोद की झोली में गई थी। भाजपा इन दोनों ही जिलों में बसपा को पटकनी देने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है। गाजियाबाद,गौतमबुद्ध नगर में भी बसपाइयों को भाजपा में शामिल कराने की जोड़तोड़ चल रही है। सूत्रों के मुताबिक भाजपा ने केंद्रीय मंत्री डा. महेश शर्मा को जिम्मा सौंपा है। गाजियाबाद के एक बसपा विधायक और दो ऐसे बड़े नेता जो बसपा से विधानसभा टिकट के दावेदार थे, उन्हें पार्टी में शामिल कराने की तैयारी है। दो-तीन दिन में बसपा के कई नेता भाजपा में आ सकते हैं। मायावती के गृह जनपद गौतमबुद्ध नगर में भी बसपा को विधानसभा चुनाव से पहले असरदार झटका देकर भाजपा मनोवैज्ञानिक फायदा लेना चाहती है।

Next Story
Share it