कई और प्रमुख चेहरे जायेगे भाजपा में

उत्तर प्रदेश भाजपा के महासचिव विजय बहादुर पाठक का दावा है कि भविष्य में दूसरे दलों से कई और प्रमुख नेता भाजपा में प्रवेश कर सकते हैं। तीन दिन की यात्र पर मुंबई आए विजय बहादुर पाठक ने बुधवार को भाजपा कार्यालय में कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक की तरह दूसरे दलों के कई और प्रमुख नेता भाजपा में प्रवेश को तैयार हैं। बस उचित समय का इंतजार है।
पाठक का दावा है कि उत्तर प्रदेश में बसपा का ग्राफ तेजी से नीचे जा रहा है और सपा सरकार की कार्यशैली से जनता तंग आ चुकी है। यही कारण है कि लोग लंबे समय बाद भाजपा की वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं। कांग्रेस को सपा की बी टीम बताते हुए पाठक ने कहा कि लोगों को उसकी ताकत का अनुमान है। इसलिए वे उसके साथ जाकर अपना वोट बर्बाद नहीं करेंगे। पाठक ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में जाति, समुदाय और राजनीतिक दल का पता लगाकर अपराधियों को सजा दी जाती है। उन्होंने दुख व्यक्त किया कि प्रदेश भर में जमीन पर कब्जे एवं अवैध खनन का व्यापार फल-फूल रहा है। अगर मुलायम सिंह को यह कहना पड़ रहा है कि मंत्री प्रदेश पर बोझ हैं तो इससे अधिक क्या कहा जा सकता है। ऐसे मंत्रियों को हटाने की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री की होती है, जिसे वह नहीं निभा पा रहे हैं।