Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

देश के शिक्षामंत्री का इतिहास ज्ञान, 'भगत सिंह के साथ नेहरू-सुभाष भी फांसी पर झूले'

देश के शिक्षामंत्री का इतिहास ज्ञान, भगत सिंह के साथ नेहरू-सुभाष भी फांसी पर झूले
X

पूर्व केंद्रीय शिक्षामंत्री स्मृति ईरानी की तरह विवादों ने मौजूदा शिक्षामंत्री प्रकाश जावेडकर का दामन भी थाम लिया है। जावडेकर अपने इतिहास ज्ञान को लेकर आलोचकों के निशाने पर आ गए हैं।

मध्यप्रदेश के जबलपुर में चल रही तिरंगा यात्रा के दौरान एक सभा को संबोधित करते हुए जावडेकर की जुबान ऐसी फिसली कि वो क्रांतिकारी भगत सिंह के साथ साथ पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू, सरदार वल्लभ भाई पटेल और सुभाष चंद्र बोस को भी फांसी पर चढ़ा गए। मामला सुर्खियों में आया तो जावडेकर ने ट्वीट कर सफाई देने में भी देर नहीं की।

आइए आपको बताते हैं पूरा मामला। जबलपुर में तिरंगा यात्रा के दौरान केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावेडकर एक सभा को संबोधित कर रहे थे।

"इसी दौरान उन्होंने कहा जिन सेनानियों ने देश के लिए बलिदान दिया और देश आजाद हो गया उन्हें हम नमन करते हैं। कितने भी नेताजी सुभाष चंद बोस, सरदार पटेल पंडित नेहरू भगत सिंह राजगुरु सभी जो फांसी पर चढ़े क्रांति के लिए जान न्यौछावर कर दिए। महान स्वतंत्रता सेनानी जिन्होंने कितनी लाठियां खाई और फांसी पर लटके।''

बयान पर शुरू हुआ विवाद तो दी सफाई

देश के शिक्षामंत्री का यह इतिहास ज्ञान सामने आते ही विवाद खड़ा हो गया। सोशल मीडिया में जावडेकर का यह बयान ट्रॉल करने लगा। मीडिया और सोशल मीडिया में उनकी जमकर खिंचाई हुई तो जावडेकर ने सफाई देने में भी देर नहीं लगाई।

ट्वीटर पर जावडेकर ने अपना पक्ष रखते हुए ट्वीट किया कि यह विवाद उनके बयान में शब्दों के विराम को लेकर हुए भ्रम के कारण हुआ। मैं खबर से खुश हूं। मैं तमाम स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान प्रकट करता हूं। मैंने अपने बयान में गांधी, नेहरू और सुभाष का जिक्र करके विराम दे दिया था।

इसके बाद अगले वाक्य में मैने उनका जिक्र किया जो आजादी के लिए फांसी पर लटके थे। इसको लेकर मेरे दिमाग में किसी तरह का भ्रम नहीं है। मुझे उम्‍मीद है इसके साथ ही सारी कन्फ्यूजन दूर हो जाएगी।


Next Story
Share it