Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

यूपी में 25 साल तक की विधानसभा कार्यवाही हुई आनलाइन

यूपी में 25 साल तक की विधानसभा कार्यवाही हुई आनलाइन
X

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का कहना है कि वह चुनाव जीत कर फिर से सपा सरकार बनाएंगे। इसीलिए उन्होंने विधान भवन के सामने आधुनिक व खूबसूरत मुख्यमंत्री कार्यालय बनवाया है। वह जल्द इसी नए कार्यालय में बैठने जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने यह बात सोमवार को विधान भवन के सेंट्रल हाल में विधानसभा के 25 साल की कार्यवाही के डिजिटलाइजेशन सिस्टम का लोकार्पण करने के बाद कही। उन्‍होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की अब अपने क्षेत्र की जनता के प्रति जवाबदेही और बढ़ जाएगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार तकनीक को लगातार बढ़ावा दे रही है। इसीलिए इलाहाबाद उच्च न्यायालय में भी पूरी तरह डिजिटाइलजेशन सिस्टम लागू कर दिया। उन्होंने कहा कि तकनीक से सहूलियत और पारदर्शिता बढ़ती है। अब फाइलों को धूल नहीं फांकनी पड़ेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मीडिया के कुछ लोगों को सिर्फ नकारात्मक चीजें ही दिखती हैं। उसे चाहिए इस नए काम को देखें।

एक क्लिक पर हाजिर विधानसभा की कार्यवाही
कम्प्यूटर पर एक क्लिक कीजिए और उत्तर प्रदेश विधानसभा में कहीं बातें व वीडियो हाजिर। यूपी विधानसभा अब हाईटेक हो चली है। विधानसभा की 1981 से अब तक की कार्यवाही का डिजिटलाइजेशन कर दिया गया है। आने वाले दिनों में 1952 से 1981 तक कार्यवाही आनलाइन उपलब्ध होगी। इस मौके पर सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव की विधानसभा में मौजूदगी व भाषण की पुरानी वीडियो दिखाई गई।

जनता भी जान सकेगी अपने प्रतिनिधियों की भूमिका
विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय की पहल पर प्रमुख सचिव विधानसभा प्रदीप दुबे ने दो निजी कंपनियों के सहयोग से सदन की स्थापना से लेकर अब तक डिजिटलाइजेशन का चरणबद्ध कार्यक्रम शुरू करवाया है। इसके जरिये जनता अपने क्षेत्र के विधायकों के बारे में जान सकेगी कि उसने सदन में कब कौन सा मुद्दा उठाया। सरकार ने उस पर क्या जवाब दिया। इस दौरान की वीडियो रिकार्डिंग भी देखी जा सकेगी।

Next Story
Share it