2016 के खेल पुरस्कारों की घोषणा, सूची इस प्रकार है

भारत सरकार ने साल 2016 के खेल पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। ओलंपिक में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को खेल पुरस्कारों में जगह दी गई है। 4 खिलाड़ियों पीवी सिंधू, दीपा कर्माकर,जीतू राय और साक्षी मलिक को खेल रत्न पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं दीपा कर्माकर के कोच बिस्वेस्वर नंही सहित 6 को द्रोणाचार्य पुरस्कार और 15 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार राष्ट्रीय खेल दिवस के दिन दिए जाएंगे।
यह पहला मौका है जब राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार चार खिलाड़ियों को एक साथ दिए जा रहे हैं, इससे पहले यह पुरस्कार तीन खिलाड़ियों को एक साथ दिया गया था।
ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाली पीवी सिंधू राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार जीतने वाली तीसरी बैडमिंटन खिलाड़ी हैं। इससे पहले पुलेला गोपीचंद और साइना नेहवाल को यह पुरस्कार दिया जा चुका है।
रियो ओलंपिक में जिम्नास्टिक के फाइनल में चौथा स्थान पाकर इतिहास रचने वाली दीपा कर्माकर को भी इस वर्ष का खेल रत्न पुरस्कार दिया जाएगा। उनके गुरु बिस्वेस्वर नंदी को भी द्रोणाचार्य पुरस्कार दिया जाएगा।
भारत को रियो ओलंपिक में पहला पदक दिलाने वाली महिला पहलवान साक्षी मलिक को भी राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार दिया जाएगा। इससे पहले ओलंपिक के रजत और कांस्य पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार और लंदन ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता योग्श्वर दत्त को भी राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से नवाजा जा चुका है।
रियो में शूटिंग के फाइनल में जगह बनाने वाले निशाने बाज जीतू राय को भी ओलंपिक और उससे पहले अन्य स्पर्धाओं में बहतरीन प्रदर्शन करने के लिए राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से नवाजा गया है।
चूक गए कोहली
क्रिकेटर विराट कोहली को इस साल राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा था। विराट ने पिछले साल बेहतरीन क्रिकेट खेली और भारतीय टीम की सफलता में बेहतरीन योगदान दिया। लेकिन ओलंपिक पदक विजेताओं के आगे उनका नाम पिछड़ गया। लेकिन उनके कोच राजकुमार शर्मा को इस साल द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है। वहीं क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे को इस अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
वहीं इस साल 15 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार देने की घोषणा की गई है, इनमें ओलंपिक में महिलाओं की 3 हजार मीटर स्टिपल चेज के फाइनल में जगह बनाने वाली ललिता बाबर का नाम शामिल है।
सूची इस प्रकार है
खेल रत्न पुरस्कार 2016
पीवी सिंधू
दीपा कर्माकर
जीतू राय
साक्षी मलिक
द्रोणाचार्य पुरस्कार 2016
नागापुरी रमेश एथलेटिक्स
सागर मल धयाल बॉक्सिंग
राज कुमार शर्मा क्रिकेट
बिश्वेस्वर नंदी( जिमनास्टिक्स)
एस प्रदीप कुमार तैराकी (लाइफटाइम एचीवमेंट)
महाबीर सिंह( कुश्ती) (लाइफटाइम एचीवमेंट)
अर्जुन पुरस्कार
रजत चौहान तीरंदाजी
लिलता बाबर एथलेटिक्स
सौरव कोठारी विलियर्ड्स और स्नूकर
शिव थापा बॉक्सिंग
अजिंक्य रहाणे क्रिकेट
सुब्रत पॉल फुटबॉल
वी आर रघुनाथ हॉकी
गुरप्रीत सिंह शूटिंग
अपूर्वी चंदेला शूटिंग
सौम्यजीत घोष टेबल टेनिस
विनेश कुश्ती
अमित कुमार कुश्ती
संदीप सिंह मान पैरा खेल
वीरेंदर सिंह( कुश्ती)