सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों को जेल भेजा जा रहा, भाजपा सरकार मनमानी पर उतारू: अखिलेश

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार पूरी तरह मनमानी पर उतर आई है। छात्रों, नौजवानों के आंदोलन को कुचलने में भाजपा सरकार कोई कसर नहीं छोड़ रही है। सरकार की जन विरोधी नीतियों के विरुद्ध आवाज उठाने वालों को गंभीर आपराधिक मुकदमों में जेल भेजा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के अलोकतांत्रिक आचरण पर राजभवन ने मौन धारण कर रखा है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती जा रही है। समाजवादी सरकार बनने पर ऐसे तमाम फर्जी एनकाउंटर व अन्य ऐसे तमाम मामलों की जांच होगी और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। मिर्जापुर, सुल्तानपुर, बुलंदशहर में मुख्यमंत्री के जाने पर कर्फ्यू जैसी स्थिति बना दी गई। तमाम निर्दोषों को आपराधिक धाराओं में गिरफ्तार किया गया। सीतापुर से गन्ना किसानों की बदहाली भाजपा सरकार को बताने के लिए लखनऊ तक पदयात्रा करने वाले नौजवानों पर पुलिस ने अकारण लाठी चार्ज किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा के एक मंत्री के अनर्गल बयान से असहमति दर्ज कराने के लिए आधा दर्जन नौजवानों ने प्रदर्शन किया तो उनको भी गिरफ्तार कर यातना दी गई। महिलाओं और बच्चियों का मान सम्मान भी भाजपा सरकार में सुरक्षित नहीं है। भाजपा सरकार ने अब तक प्रदेश की समस्याओं के समाधान की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया है। एक साल पूरा हो गया फिर भी भाजपा की एक भी अपनी योजना अब तक लागू नहीं हुई है। भाजपा की एक उपलब्धि तो यही है कि वह समाजवादी सरकार के कामों को ही अपना बताते हुए समय काट रही है।




