Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

लोकसभा चुनाव में सपा-बसपा गठबंधन तय, शीर्ष नेतृत्व करेगा सीट बंटवारा : नरेश उत्तम

लोकसभा चुनाव में सपा-बसपा गठबंधन तय, शीर्ष नेतृत्व करेगा सीट बंटवारा : नरेश उत्तम
X
गाजीपुर - लोकसभा चुनाव में सपा-बसपा गठबंधन तय है। इससे भाजपा का बौखलाना स्वाभाविक है क्योंकि दोनों दल मिलकर उसका सूपड़ा साफ कर देंगे। गोरखपुर व फूलपुर में लोकसभा उपचुनाव इसकी बानगी है। यहां की आंधी तूफान बनकर उसके मंसूबे को ध्वस्त कर देगी। यह दावे किए आदर्श बाजार स्थित जंगीपुर विधायक डा. वीरेंद्र यादव के आवास पर शुक्रवार की रात सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने। कहा कि सीटों के बंटवारे पर दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व समय पर निर्णय करेंगे। कहा कि चुनाव के समय झूठा वादा करने वाली भाजपा सरकार की कलई खुल गई है। वह काला धन तो ला नहीं सकी उल्टे सफेद धन जरूर उसके ही सरकार में कुछ लोग विदेश लेकर भाग जा रहे हैं।
कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त
आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। आए दिन लूट-हत्या व दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं। किसानों को उनका समर्थन मूल्य नहीं मिल पा रहा है। अभी 11 हजार करोड़ किसानों के गन्ना का भुगतान बकाया है। काफी किसानों के गन्ना की फसल खेतों में पड़ी है। गेहूं क्रय केंद्र कागजों में खुले हैं। भाजपा धर्म, मजहब के नाम पर केवल लोगों को लड़ाना जानती है मगर अब जनता जाग गई है। उसे यह महसूस हो गया है कि भाजपा पार्टी केवल गुमराह कर रही है। इसी का परिणाम रहा कि गोरखपुर व फूलपुर की सीट पर भाजपा को करारी हार झेलनी पड़ी। नोटबंदी हुए दो साल होने को हैं लेकिन आज भी हालत जस के तस पड़े हैं। घरों में लोगों की शादी पड़ी है और वे रुपये के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। उन्होंने करंडा क्षेत्र के सबुआ निवासी विधान परिषद सदस्य अरविंद सिंह घर जाकर उनके पिता पूर्व विधायक अवधेश सिंह को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
Next Story
Share it