प्रदेश में गुंडाराज चरम पर: रामगोविंद
BY Anonymous16 April 2018 1:32 AM GMT

X
Anonymous16 April 2018 1:32 AM GMT
नेता प्रतिपक्ष ने बिगड़ी कानून व्यवस्था के लिए प्रदेश की भाजपा सरकार को ठहराया जिम्मेदार
विधायक नरेंद्र सिंह वर्मा के आवास पर पत्रकारों से हुए रूबरू
महमूदाबाद (सीतापुर) बिगड़ी कानून व्यवस्था के लिए प्रदेश की भाजपा सरकार स्वयं जिम्मेदार है। प्रदेश में भ्रष्टाचार व गुंडाराज चरम सीमा पर है। भाजपा ने लोकसभा व उत्तर प्रदेश की विधानसभा चुनाव के समय जनता को झूठ बोलकर छला था। विधानसभा के चुनाव में भाजपा ने भ्रष्टाचार, गुंडई, कानून व्यवस्था के नाम पर सरकार बनाई थी लेकिन आज भाजपा के मंत्री, कार्यकर्ता स्वयं इसमें लिप्त हैं। यह बात नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी ने विधायक नरेंद्र वर्मा के आवास पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही।
नेता प्रतिपक्ष ने पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा ने विदेशों का काला धन लाकर देश के गरीबों को देने तथा नौजवानों को रोजगार देने की घोषणा की थी लेकिन इसमें से एक भी काम केंद्र सरकार नहीं कर पाई। विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी ने पत्रकारों के एक सवाल के जवाब में कहा कि बसपा से गठबंधन में आगामी लोकसभा चुनाव के दौरान सीटों के बंटवारे को राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तथा बसपा सुप्रीमो मायावती तय करेंगी। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि उपचुनाव बसपा द्वारा नहीं लड़े जाते हैं। अगर सरकार ने उपचुनाव कराये तो होने वाले उपचुनावों की दोनों सीटों पर सपा की भारी बहुमत से जीत होगी क्योंकि भाजपा की सरकार से एक वर्ष के भीतर ही प्रदेश की जनता पूरी तरह तिलमिला चुकी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 के लोकसभा चुनावों में जनता से वादा किया था कि भाजपा सरकार बनने के बाद पाकिस्तान अपना मुंह उलटा कर लेगा तथा चीन आंख नहीं दिखा सकेगा जबकि हालत आज उल्टा है। रोज सीमा पर सेना के जवान शहीद हो रहे हैं तथा चीन घुसपैठ कर रहा है। केंद्र सरकार पूरी तरह अपने वादों पर विफल रही है। प्रदेश की सरकार में जो भी संगठन प्रदेश सरकार से अपनी मांगों को लेकर उसे लाठियां मिलीं।
बलात्कारियों को मिल रहा संरक्षण : नरेश उत्तम
कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने कहा कि आज पूरे प्रदेश में गुंडों का बोलबाला है। प्रदेश व केंद्र की सरकार बलात्कारियों को संरक्षण दे रही है। सपा जनता की समस्याओं को लेकर काफी गंभीर है। शीघ्र ही आंदोलन छेड़ा जायेगा। इस अवसर पर एमएलसी आनंद भदौरिया, सपा के जिलाध्यक्ष छत्रपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष छात्रसभा दिग्विजय सिंह, पूर्व बिसवां विधायक निर्मल वर्मा, विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष मो़ कादिर, ब्लाक प्रमुख मुकेश वर्मा, पैंतेपुर चेयरमैन मौलाना अफजल, अहमद अंसारी, डा़ॅ शफीक, चंद्रभूषण शुक्ल, पंकज जैन सहित सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता व क्षेत्र के तमाम लोग मौजूद रहे।
Next Story




