Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

सपा महिला प्रतिनिधि मंडल से 'सेंगर समर्थकों' ने की अभद्रता

सपा महिला प्रतिनिधि मंडल से सेंगर समर्थकों ने की अभद्रता
X

भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर लगे गैंगरेप के सनसनीखेज आरोप से सियासत उफान पर है। सपा, कांग्रेस व बसपा ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा को कठघरे में खड़ा किया है। राजनीतिक दल सीएम से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा मांग रहे हैं। सपा महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष की अगुवाई में 20 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल बुधवार को उन्नाव जिले के माखी गांव पहुंचा। यहां विधायक के समर्थकों ने पुलिस के सामने ही प्रतिनिधि मंडल से अभद्रता की। दहशत में आईं प्रतिनिधि मंडल की सदस्य गांव से लौट गईं और होटल जाकर पीड़िता व उसके परिजनों से बातचीत किया। सपा महिला की प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अभी भी यहां की पुलिस विधायक समर्थकों के साथ नजर आ रही है।

बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष गीता सिंह की अगुवाई में 20 सदस्यीय दल माखी पहुंचा। यहां महिला सदस्यों ने पीड़िता व उसके परिजनों से मुलाकात की कोशिश की। इसी वक्त एसआईटी भी पहुंच चुकी थी। इस दौरान विधायक समर्थक ने आक्रोश जताया। प्रतिनिधि मंडल के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उनका रास्ता रोक लिया। मामला बिगड़ता देख प्रतिनिधि मंडल लौट गया।

इसके बाद करीब तीन बजे शहर के एक होटल में पीड़िता व मृतक बंदी के भाई से पूरे मामले पर विस्तार से जानकारी हासिल की। मीडिया से बातचीत में सपा महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष गीता सिंह ने आरोप लगाया कि गांव में विधायक समर्थकों ने अभद्र व्यवहार कर रास्ता रोका। नारेबाजी कर भद्दे कमेंट किए। महिला सदस्य खुद को संभालते हुए मुश्किल से गांव से बाहर निकल सकीं। पुलिस गाड़ियों में बैठी रही। लेकिन कोई मदद नहीं की।

गांव में एक भी व्यक्ति पीड़िता के पक्ष में बोलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है। वायरल वीडियो में मृतक के शरीर पर गंभीर चोटें बर्बरता को बयान कर रही हैं। उन्होंने मांग की कि सरकार आरोपी विधायक को जेल भेजे। सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इस दौरान महिला सभा की प्रदेश सचिव ऊषा सिंह, कोषाध्यक्ष गीता पांडेय, रेनू बाला, आशा सिंह चौहान, प्रभा यादव आदि भी मौजूद रहीं।

Next Story
Share it