सावधान ! भाजपा समाज के ध्रुवीकरण की खतरनाक राजनीति कर रहीः अखिलेश
BY Anonymous11 April 2018 1:30 AM GMT

X
Anonymous11 April 2018 1:30 AM GMT
लखनऊ -लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बैठकों का सिलसिला आगे बढ़ाते हुए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को पार्टीजनों को सचेत किया कि वे भाजपा की ओर से फैलाई जाने वाली अफवाहों से सावधान रहें। भाजपा समाज के ध्रुवीकरण की खतरनाक राजनीति कर रही है जिससे लोगों को सचेत किया जाना चाहिए।
पार्टी मुख्यालय में मंगलवार को वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की बैठक में उन्हें आगाह भी किया गया कि भाजपा किस तरह का प्रोपेगंडा कर सकती है। प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया गया कि किस तरह से अर्थ के अनर्थ बनाए जाते हैं। अखिलेश ने बसपा से गठबंधन की जरूरत पर भी फोकस किया और कहा कि इसे आगे ले जाना है। गठबंधन की ताकत ने भाजपा में बेचैनी बढ़ाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा का छुपा एजेंडा है कि समाज में असंतोष पैदा हो और विषमता में वृद्धि हो। वह अपने कुप्रचार से 2019 के चुनावों को प्रभावित करने की कोशिश में है।
अखिलेश ने कहा कि समाजवादी सरकार से भाजपा सरकार का काम में कोई मुकाबला नही है। इसलिए विकास के झूठे दावे किए जा रहे हैं। इन्वेस्टर्स मीट का बड़ा हल्ला मचा लेकिन प्रदेश में पूंजी और उद्योग लगाने का वादा करने वाले अब गुम हैं। उन्होंने कहा कि जिस समाज में घोर गरीबी और बेरोजगारी हो, वहां भाजपा समरसता की बात कैसे कर सकती है? 20 करोड़ लोग भूखे सोने को मजबूर हैं। कर्ज, बेकारी और गरीबी से तंग आकर चार वर्ष में लगभग 50 लाख किसान खेती छोड़कर पलायन कर गए हैं। किसानों पर 12 लाख 60 हजार करोड़ का कर्ज है। समाजवादी पार्टी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है कि कोई लोकतंत्र के साथ छल न कर सके।
बैठक में सांसद धर्मेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी, पूर्व मंत्री राम गोविंद चौधरी आदि उपस्थित रहे।
मुस्लिम नेताओं के साथ बैठक
सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को पार्टी मुख्यालय में मुस्लिम नेताओं के साथ बैठक करेंगे। बसपा से गठबंधन के बाद चुनावी रणनीति के नजरिए से यह बैठक अहम मानी जा रही है।
Next Story




