Home > राज्य > उत्तर प्रदेश > कलेक्ट्रेट में सपाइयों का हंगामा, पुलिस ने चलाई लाठियां, 30 गिरफ्तार किए गए सपाई
कलेक्ट्रेट में सपाइयों का हंगामा, पुलिस ने चलाई लाठियां, 30 गिरफ्तार किए गए सपाई
BY Anonymous5 April 2018 1:18 AM GMT

X
Anonymous5 April 2018 1:18 AM GMT
इलाहाबाद : फीस बढ़ोत्तरी, छात्रवृत्ति के बजट में कटौती व किसानों की समस्याओं को लेकर बुधवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करने पहुंचे सपाइयों ने डीएम आवास के पहले गेट का ताला तोड़ दिया। प्रदर्शनकारी अंदर घुस गए और दूसरे गेट के सामने धरने पर बैठ गए। उनको निकालने के लिए पुलिस को लाठियां भी भांजनी पड़ीं। इसके बाद मामले में तीस लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष संदीप यादव की अगुवाई में सपाई आनंद हॉस्पिटल चौराहे पर इकट्ठा हुए। वहां से जुलूस की शक्ल में प्रदेश व केन्द्र सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। वहां पुलिस बल पहले से ही तैनात था। इन लोगों ने पहले एडीएम सिटी दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया। इसके बाद डीएम सुहास एलवाई से बात करने की मांग करने लगे। एडीएम सिटी व सिटी मजिस्ट्रेट ने ज्ञापन लेना चाहा तो इन लोगों ने नहीं दिया। इसके बाद डीएम आवास के पहले गेट व दीवार पर चढ़कर कई कार्यकर्ता अंदर चले गए। भीतर घुसे लोगों ने गेट का ताला तोड़ दिया।
इसके बाद सभी लोग अंदर जाकर प्रदर्शन करते हुए धरने पर बैठ गए। पुलिस के जवानों ने बाहर निकालने का प्रयास लेकिन कोई वहां से हटने को तैयार नहीं था। इसके बाद पुलिस ने भी लाठी भांजना शुरू कर दी तो लोग भागने लगे। संदीप यादव सहित दो दर्जन से अधिक लोग लाठीचार्ज में घायल हो गए। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया। इनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं। सपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन लाया गया। एसएसपी आकाश कुलहरि ने बताया कि इन सभी लोगों का शांति भंग के आरोप में चालान कर दिया गया है। कोर्ट के आदेश के बाद ही इनको रिहा किया जाएगा।
गिरफ्तार किए गए सपाई
संदीप यादव, सबीहा मोहानी, आशुतोष तिवारी, रक्षामंत्री यादव, ऋषभ सिंह यादव, अवधेश यादव, भोपेन्द्र सिंह बागी, लल्ला यादव, यादवेन्द्र सिंह, अरुण यादव, अविनाश विद्यार्थी, रश्मि सिंह, नेहा यादव, अभिषेक पांडेय, मुन्ना पाल, श्याम अचल यादव, बब्लू रावत, विजय यादव, राजवीर यादव, धीरेन्द्र सोनकर, सौरभ देव, विजयकांत, शशांक सोनकर, सौरभ यादव, शैलेश यादव, सागर निषाद, शैलेन्द्र सिंह, मुशीर अहमद, राजेश यादव, व दीपेश कुशवाहा हैं।
पुलिस लाइन पहुंचे वरिष्ठ नेता
गिरफ्तार सपाइयों से मिलने के लिए पार्टी के कई वरिष्ठ नेता पुलिस लाइन पहुंचे। इन लोगों का कहना था कि शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पहले लाठीचार्ज किया फिर गिरफ्तार किया। मिलने वालों में सपा के जिलाध्यक्ष कृष्णमूर्ति सिंह यादव, महानगर अध्यक्ष इफ्तेखार हुसेन, जिला प्रवक्ता दान बहादुर मधुर, केके श्रीवास्तव, विनोद चंद्र दुबे, सुरेश यादव व किताब अली सहित कई लोग शामिल रहे।
Next Story




