Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

समाजवाद के ज्ञान को लेकर योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव में सियासी घमासान

समाजवाद के ज्ञान को लेकर योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव में सियासी घमासान
X
लखनऊ - समाजवाद के ज्ञान को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बीच सियासी घमासान तेज है। इस मसले पर आज इटावा और मैनपुरी में अखिलेश के तेवर और तंज तेज दिखे। इस घमासान की वजह यूपी विधान परिषद में समाजवाद पर सीएम योगी तल्ख टिप्पणी है। योगी की टिप्पणी, कुछ लोग जूठन पर पलने वाले सर्कस के शेर हैं पर अखिलेश ने आज पलटवार किया और कहा कि अभी हम लोग सरकार से बाहर हैं, इसलिए पिंजड़े में बंद हैं। जब पिंजड़े से बाहर निकल कर आएंगे, तब पता चलेगा कि कौन, कैसा शेर है? हम पहले भी शेर थे और आज भी शेर हैं।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मैनपुरी के करहल में कहा कि प्रदेशवासियों ने जिस उम्मीद से भाजपा को सूबे की सत्ता सौंपी थी, वो उस पर खरी नहीं उतरी। सवाल किया कि कैसी भाजपा है? यहां कुछ और बात, केरल और त्रिपुरा में कुछ और बात कहती है। अखिलेश ने सपा-बसपा गठबंधन पर कहा कि गठबंधन नेता जी (मुलायम सिंह यादव) ने भी किया था और हमने उसी परंपरा को निभाया है। गठबंधन जारी रहेगा। कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों के साथ धोखा किया है। कर्ज माफी का एलान किया पर माफ नहीं किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मन की बात में किसानों को लाभकारी मूल्य दिलाने की बात कहते हैं, लेकिन रेडियो से लाभकारी मूल्य कैसे मिलेगा। उन्होंने कहा कि महोबा में कर्ज में डूबे 27 किसान आत्महत्या कर चुके हैं। कहा कि जब तक देश का किसान खुशहाल नहीं होगा, तब तक देश तरक्की नहीं कर सकता।
अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी समाजवाद को लेकर जिस भाषा का प्रयोग कर रहे हैं उससे उनकी मानसिकता स्वयं प्रकट हो रही है। योगी ने अंग्रेजी में जो किताब लिखवाई है उसमें स्वयं को समाजवादी बताया है और हिंदी में समाजवादी का विरोध कर रहे हैं। उनको भारतीय संविधान पढऩा चाहिए तभी समाजवादी विचारधारा का ज्ञान होगा। पूर्व मुख्यमंत्री ने वर्ष 2019 में देश से भाजपा का सफाया होने का दावा करते हुए कहा कि भाजपा तीन दलों के हमारे गठबंधन से घबरा गई है। सपा और बसपा ने सोच समझकर गठबंधन किया है जो दीर्घकाल तक चलेगा।
इटावा सफारी पार्क के दौरे पर आए अखिलेश ने यहां पत्रकारों से वार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जमकर प्रहार किए। कहा, जुमले ज्यादा दिन नहीं चलते हैं। रोजगार छिन रहे हैं। बेरोजगार और किसान खुदकशी कर रहे हैं। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी देश हित में भाजपा विरोधी दलों को एकजुट कर रही हैं। हम सभी सहयोग करके भाजपा का सफाया करेंगे। भाजपा ने जिस युक्ति से हमको हराया उसी युक्ति से हम उसको हराएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि ईवीएम से खिलवाड़ हो सकता है, इसलिए सभी चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से होने चाहिए। अखिलेश ने तंज कसा कि इटावा सफारी पार्क का मुख्यमंत्री योगी को जल्द दोबारा से उद्घाटन कर देना चाहिए ताकि जनता के लिए इसके द्वार खुल सकें। हमारे किए कार्यों का ही मुख्यमंत्री उद्घाटन कर रहे हैं।
Next Story
Share it