दलों की एकता से बदलेगा समीकरण : उत्तम

इलाहाबाद : समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा है कि फूलपुर -गोरखपुर लोकसभा क्षेत्र के उपचुनाव में सपा और बसपा समेत लगभग एक दर्जन दलों की एकता से समीकरण बदल जाएगा। बुधवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस में नरेश उत्तम ने कहा कि देश में तेजी से पांव पसारती सांप्रदायिक एवं विघटनकारी ताकतों के खिलाफ फूलपुर उपचुनाव में बहुजन समाज पार्टी समेत विभिन्न राजनैतिक दलों एवं सामाजिक संगठनों ने सपा प्रत्याशी के समर्थन की घोषणा की है।
उन्होंने कहा कि जब से केंद्र व प्रदेश में भाजपा की सरकार कायम हुई है, संविधान एवं लोकतंत्र के लिए खतरा बढ़ गया है। ऐसी स्थिति में सांप्रदायिक एवं जनविरोधी भाजपा के खिलाफ विभिन्न दलों की एका देश हित में जरूरी है। सपा के प्रदेश अध्यक्ष ने नौ मार्च को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की शांतिपुरम व फाफामऊ में होने वाली जनसभा की जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष, बमरौली से शहर पश्चिमी एवं शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्रों में रोड शो करते हुए जनसभा स्थल पर पहुंचेंगे।
पत्रकार वार्ता में मौजूद राष्ट्रीय समानता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोती लाल शास्त्री एवं प्रगतिशील मानव समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रेमचंद्र बिंद ने सपा प्रत्याशी को समर्थन की घोषणा की। उपचुनाव में फूलपुर के प्रभारी, सपा के राष्ट्रीय महासचिव बलराम सिंह यादव ने कहा कि सपा से किसी की लड़ाई नहीं है। जीत का अंतर ऐतिहासिक होगा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष कृष्णमूर्ति सिंह यादव, पूर्व महानगर अध्यक्ष केके श्रीवास्तव, विनय कुशवाहा, जिला प्रवक्ता दान बहादुर 'मधुर', आरएन यादव, नाटे चौधरी आदि मौजूद रहे




