Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

भाजपा के इशारे पर काम कर रहा आयोग : नंदा

भाजपा के इशारे पर काम कर रहा आयोग : नंदा
X

इलाहाबाद : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरणमय नंदा ने सिविल लाइंस के एक होटल में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि चुनाव आयोग भी भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है। वे रविवार को यहां फूलपुर संसदीय सीट के उपचुनाव के मद्देनजर पार्टी प्रत्याशी नागेंद्र प्रताप सिंह पटेल के समर्थन में जनसंपर्क के लिए आए थे। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाएं आज भाजपा के इशारे पर काम कर रही हैं। यही कारण है कि ईवीएम से होने वाले चुनाव में भाजपा को जीत हासिल हो रही है।

उन्होंने दावा किया कि त्रिपुरा में भाजपा का वोटबैंक है ही नहीं। ऐसे में वहां जीत कैसे हो सकती है। पूर्वोत्तर के चुनाव परिणामों पर उन्होंने सवाल उठाया। उन्होंने दावा किया कि बदले राजनीतिक समीकरण में जब बसपा ने सपा को समर्थन दे दिया है तो उनके प्रत्याशी की जीत निश्चित है। साथ ही कहा कि उपचुनावों की यह जीत ही 2019 के आम चुनावों की दिशा और दशा तय करेगी। सपा इस चुनाव में पूरी ताकत से लड़ रही है। उन्होंने ईवीएम के बजाए मतपत्रों पर चुनाव की मांग उठाई। साथ ही आरोप लगाया कि 2014 में जीत कर आई केन्द्र की एनडीए सरकार ने जनता से किया कोई वादा पूरा नहीं किया। 2017 में जीतकर आई प्रदेश की योगी सरकार ने भी विकास का काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश का वास्तविक विकास अखिलेश यादव सरकार में हुआ था। इस दौरान पूर्व मंत्री बलराम यादव, सपा जिलाध्यक्ष कृष्णमूर्ति सिंह यादव, युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास यादव, मनीष सिंह, केके श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।


Next Story
Share it