सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव व कांग्रेस नेताओं की भेंट से सियासी गर्माहट
BY Anonymous1 March 2018 4:29 AM GMT

X
Anonymous1 March 2018 4:29 AM GMT
लखनऊ (जेएनएन)। लोकसभा उपचुनाव की सरगर्मी के बीच मंगलवार को समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव व वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के बीच एक घंटे से अधिक चली मुलाकात ने सियासी सुगबुगाहट तेज कर दी है। हालांकि दोनों पक्षों ने मुलाकात को महज शिष्टाचार भेंट बताते हुए इसके राजनीतिक निहितार्थ निकाले जाने से इनकार किया है।
पूर्व मुख्यमंत्री व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अचानक सरोजनी मार्ग स्थित पूर्व मंत्री क्रांति कुमार के आवास पर पहुंचे। बुजुर्ग कांग्रेस नेता क्रांति कुमार पूर्व मुख्यमंत्री स्व.हेमवती नंदन बहुगुणा के मंत्रिमंडल में मंत्री रहे है। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के संरक्षक व पूर्व मंत्री रामकृष्ण द्विवेदी भी उपस्थित थे। यादव और कांग्रेस नेताओं के बीच करीब एक घंटे की मुलाकात मेंं प्रदेश के सियासी हालात पर चर्चा हुई।
पूर्व मंत्री रामकृष्ण द्विवेदी ने मुताबिक मुलाकात का मतलब चुनावी गठबंधन जैसी संभावना का नहीं निकाला जाना चाहिए। पूर्व मंत्री क्रांति कुमार अखिलेश यादव के पिता व पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के भी नजदीकी रहे हैं। मूलत: बिजनौर जिले के निवासी क्रांति कुमार का हालचाल लेने के लिए अखिलेश यादव आए थे तो उनके साथ चाय पर विभिन्न मसलों पर खुलकर चर्चा भी हुई।
उल्लेखनीय है, क्रांति कुमार के इस आवास में रीता बहुगुणा भी रहती थी। रीता बहुगुणा के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद पर रहते समय बसपाइयों द्वारा यहां आगजनी की गई थी। इस वजह से यह मकान चर्चा में रहा था।
अखिलेश से हुई मुलाकात के बारे में पूर्व मंत्री रामकृष्ण द्विवेदी ने बताया कि यादव ने गोरखपुर क्षेत्र के राजनीतिक परिदृश्य के बारे में जिज्ञासा दिखाई। प्रदेश के साथ राष्ट्रीय राजनीति की दशा और दिशा पर विमर्श हुआ। अखिलेश के साथ पूर्व मंत्री और सपा प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी भी थे। चौधरी ने भी मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने अखिलेश यादव और पूर्व मंत्री क्रांति कुमार के बीच मुलाकात से अनभिज्ञता जतायी। उनका कहना था कि बुजुर्ग नेताओं के अनुभवों का लाभ उठाने में कोई बुराई नहीं है। इससे सपा और कांग्रेस में तालमेल जैसी संभावना तलाशने का कोई अर्थ नहीं है। कांग्रेस पूरी ताकत से उपचुनाव में लड़ रही है और मिशन 2019 की तैयारी में है।
Next Story




