Home > राज्य > उत्तर प्रदेश > योगी सरकार पर अखिलेश ने साधा निशाना, कहा- बच्चों को नकल से रोक दिया, खुद कर रहे नकल
योगी सरकार पर अखिलेश ने साधा निशाना, कहा- बच्चों को नकल से रोक दिया, खुद कर रहे नकल
BY Anonymous16 Feb 2018 10:58 AM GMT

X
Anonymous16 Feb 2018 10:58 AM GMT
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को नकल रोकने की चल रही मुहिम के बहाने योगी सरकार पर निशाना साधा। कहा कि बच्चों को नकल से रोक दिया लेकिन खुद नकल कर रहे हैं।
पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह के पिता की तेरहवीं में शामिल होने पहुंचे अखिलेश ने अंधऊ हवाई पट्टी पर मीडिया से बातचीत में कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गवर्नर साहब के भाषण में बताया गया कि जितनी सड़क हम बना रहे थे ठीक उतनी बनाएंगे। दशमलव तक की नकल कर ली। कहा कि नौकरी नहीं दे सकते इसलिए बच्चों को नकल के बहाने परीक्षा देने से ही रोक रहे हैं। अब तीन साल तक ये बच्चे नौकरी नहीं मांग सकते। बच्चों के साथ यह एक साजिश है। गरीब घर के बच्चों को धोखा दिया जा रहा है। बड़ी संख्या में बच्चे पास हो जाएंगे तो नौकरियां कौन देगा। जिन लोगों ने चाय पर चर्चा की। पकौड़े को रोजगार कह दिया, उन्हें सच्चाई पर चर्चा करनी चाहिए।
अखिलेश ने कहा कि केंद्र सरकार के पांच बजट के बाद भी पूर्वांचल को कुछ नया नहीं मिला। जिन योजनाओं का शिलान्यास हो चुका, उनका दोबारा हो रहा है। जिसका उद्घाटन हो चुका, फिर से हो रहा है। लोहिया आवास के लिए सपा सरकार तीन लाख दे रही थी। अब प्रधानमंत्री आवास बन रहे हैं। लेकिन लोहिया आवास से कोई मुकाबला नहीं है। गरीबों को दिया जा रहा पेंशन तक योगी सरकार ने रोक दिया है। उज्ज्वला के नाम पर चूल्हा देने से क्या होगा। सिलेंडर का पैसा कहां से आएगा?
अखिलेश ने कहा कि लोगों को बातों से धोखा दिया जा रहा है। कहा जा रहा है कि सबसे बड़ा बजट आ रहा है। जो भी बजट आता है पिछली बार से हमेशा बड़ा बजट होता है। हम चाहते हैं कि इस बजट में सबसे बड़ी सड़क पूर्वांचल एक्सप्रेसवे आये। मुख्यमंत्री कहते थे इसे अयोध्या, बनारस और गोरखपुर से जोड़ देंगे। पहले गाजीपुर और बलिया से तो जोड़ दीजिये।
पीएनबी में हुए हज़ारों करोड़ के घोटाले पर कहा कि जिन्हें भ्रष्टाचार करना है वह रास्ता निकाल लेते है। नोटबंदी के दौरान भी कहा था कि पैसा काला सफेद नहीं होता, लेनदेन काला सफेद होता है। हो सकता है भविष्य में यह भी कहा जाए कि घोटाला हुआ ही नहीं। व्यवस्था के तहत लेकर गए हैं, पूरी तरह कानूनी है। सरकार ने कहा था विदेश से काला धन आएगा, लेकिन देश से ही बैंक में जमा धन विदेश चला गया।
अखिलेश ने कहा कि तीन साल में 15 हज़ार से ज्यादा उद्योगपति विदेश चले गए। कुछ व्यापार करने चले गए, कुछ व्यवस्था से परेशान होकर चले गए। इससे कितना ज्यादा पैसा विदेश चला गया। कहा कि शौचालयों में भी भ्रष्टाचार की बातें हो रही हैं। एंटी भूमाफिया, एंटी रोमियो दस्ता कहां गया। फर्जी एनकाउंटर हो रहे हैं। असली अपराधियों को बचाया जा रहा है। लखनऊ में बीजेपी के पूर्व विधायक के बेटे की घर में घुसकर हत्या हो गई। उसके आरोपी को पुलिस ने ही आत्मसमर्पण करा दिया। नोएडा समेत कई एनकाउंटर पर उंगली उठी है। कहा कि बीजेपी वाले सीबीआई जांच के पक्षधर हैं तो कुछ मामलों की सीबीआई जांच करा लीजिये। एक सवाल के जवाब में कहा कि हम चाहते हैं साम्प्रदायिक ताकतों के खिलाफ सभी दल साथ आएं। बसपा से गठबंधन के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि अभी उपचुनाव होने जा रहा है। सपा अपने प्रत्याशी चयन में लगी है। हमारे मित्र दल से बातचीत हो रही है।
Next Story




