नेता विरोधी दल राम गोविंद चौधरी पूरी तरह स्वस्थ, अस्पताल से डिस्चार्ज
BY Anonymous16 Feb 2018 5:45 AM GMT
X
Anonymous16 Feb 2018 5:45 AM GMT
लखनऊ -उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता विरोधी दल राम गोविंद चौधरी अब पूरी तरह से स्वस्थ हैं। समाजवादी पार्टी के नेता राम गोविंद चौधरी की तबीयत कल बजट सत्र के दौरान राष्ट्रपति के अभिभाषण पर प्रतिक्रिया देते समय खराब हो गई थी। उनको तत्काल डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
नेता विरोधी दल राम गोविंद चौधरी अब पूरी तरह स्वस्थ है। आज सुबह उनका ईसीजी, 2 डी इको, चेस्ट एक्स रे तथा एक्स रे सर्विकल स्पाइन चेक किया गया। डॉक्टर्स की रिपोर्ट में सब नार्मल है। सिविल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशुतोष दुबे से बताया कि सब टेस्ट नार्मल होने के बाद उनको चिकित्सालय से डिस्चार्ज कर दिया गया है।
गौरतलब है कि कल राज्यपाल के अभिभाषण पर बोलते हुए नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी तबीयत में सुधार हो गया। इस बीच सदन की कार्यवाही करीब एक घंटे तक स्थगित रही। सदन ने सर्वसम्मति से तय किया कि अभिभाषण पर 26 फरवरी को चर्चा होगी। विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने जानकारी दी कि शुक्रवार को पहले से तय वित्तीय वर्ष 2018-19 का बजट पेश होगा और अब अभिभाषण पर 26 फरवरी नेता प्रतिपक्ष और नेता सदन अपना वक्तव्य देंगे।
विधान सभा में अभिभाषण पर नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी करीब आधा घंटा बोले होंगे तभी उनका गला फंस गया। वह कानून-व्यवस्था पर सरकार की घेरेबंदी करते हुए लखनऊ समेत कई जिलों की आपराधिक घटनाएं गिना रहे थे। उन्हें पसीना होने लगा और वह सीट पर बैठ गए। उन्होंने बैठकर ही बोलने की कोशिश की लेकिन, इसी बीच संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को पसीना आ रहा है, यह ठीक नहीं है। तुरंत डॉक्टर को दिखाइए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उन्हें न बोलने की सलाह दी।
सपा के सदस्य 71 वर्षीय चौधरी को लेकर लॉबी में चले गए। स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह लॉबी में पहुंचे। तब तक मार्शल भी चिकित्सक के साथ पहुंच गए। विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना, औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना, समेत कई वरिष्ठ मंत्री और सदस्य भी चौधरी के पास लॉबी में पहुंचे गए। वहां प्रारंभिक उपचार के बाद उनको श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल में भेजा गया।
इस बीच अध्यक्ष ने सदन दस मिनट के लिये स्थगित कर दिया। कार्यवाही शुरू होने पर संसदीय कार्यमंत्री ने जानकारी दी कि नेता प्रतिपक्ष अब स्वस्थ हैं और प्राथमिक जांच में कोई गंभीर बात नहीं आयी है। खन्ना ने बताया कि दलीय नेताओं की बैठक में यह तय हुआ कि अभिभाषण पर चर्चा का समापन न किया जाए, इसलिए 26 फरवरी को चर्चा होगी। यह प्रस्ताव सर्व सम्मति से पारित हो गया।
Next Story