श्रीराम जन्मभूमि मंदिर मॉडल तैयार, कल निकलेगी रथ-यात्रा
BY Anonymous12 Feb 2018 10:41 AM GMT

X
Anonymous12 Feb 2018 10:41 AM GMT
अयोध्या: श्रीरामराज्य रथयात्रा का जन्मभूमि मंदिर मॉडल रथ यात्रा के लिए तैयार है। 13 फरवरी को यह यात्रा कारसेवक पुरम से निकलेगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अयोध्या में मौजूद रह सकते हैं। विहिप के महासचिव चंपत राय भी मौजूद रहेंगे। श्रीराम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास महाराज के उत्तराधिकारी व केन्द्रीय मार्गदर्शक मंडल के सदस्य महंत कमल नयन दास ने रविवार को रथयात्रा की तैयारियां देखीं।
अयोध्या से यह यात्रा नंदीग्राम, सुल्तानपुर, जौनपुर, वाराणसी, प्रयाग, चित्रकूट, इन्दौर और नासिक होते हुए 25 मार्च को रामेश्वरम में सम्पन्न होगी। इस दौरान यह यात्र आठ ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करेगी। इस अवसर पर महंत कमल नयन दास ने कहा श्रीराम जन्म भूमि पर मंदिर बनने से ही देश में रामराज्य की स्थापना होगी। उन्होंने कहा कि श्रीराम दास यूनिवर्सल सोसायटी के बैनर तले शान्तानंद सरस्वती महाराज के मार्गदर्शन में अयोध्या से रामेश्वरम तक निकलने वाली यात्रा अपने लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेगी।
श्री दास ने कहा कि जब-जब धार्मिक यात्राओं का आयोजन हुआ तब सामाजिक और सांस्कृतिक उत्थान का मार्ग प्रशस्त हुआ। करोड़ों रामभक्तों के संकल्प को आत्मसात कर भारत की आध्यात्मिक उर्जा का सूत्रपात करने वाली यह यात्रा सामाजिक समन्वय स्थापित करेगी। देश में रामराज की स्थापना और अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बनाने के लिए जनजागरण के साथ ही इस यात्रा का उद्देश्य देश में साप्ताहिक अवकाश रविवार के बजाय भारतीय पंचांग के अनुसार गुरुवार को किया जाना भी शामिल है।
Next Story