मंच पर भिड़े अधिकारी व भाजपा के कार्यकर्ता
BY Anonymous11 Feb 2018 6:15 AM GMT

X
Anonymous11 Feb 2018 6:15 AM GMT
अमेठी : सामूहिक विवाह समारोह के दौरान कल भाजपा नेताओं के साथ जिलाधिकारी शकुंतला गौतम के बीच वाकयुद्ध छिड़ गया। भाजपा मीडिया प्रभारी गोविंद सिंह चौहान ने अधिकारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। जिसपर जिलाधिकारी शकुंतला गौतम और भाजपाईयों में कहासुनी होने लगी। प्रभारी मंत्री मोहसिन रजा के साथ ही मंत्री सुरेश पासी ने बीच कराया। जैसे ही विवाह कार्यक्रम शुरु हुआ मंत्रोच्चारण के दौरान ही मंच पर भाजपा कार्यकर्ता प्रभारी मंत्री मोहसिन रजा से अधिकारियों की शिकायत करने लगे। शिकायत की बात सुन जिलाधिकारी शकुंतला गौतम भी तैश में आ गई। उन्होंने सामने से आकर शिकायत करने की बात कही।
इसके साथ ही कार्यक्रम समापन के बाद शिकायत करने के लिए कहा। जिसको सुनते ही भाजपा कार्यकर्ता बिफर पड़े। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी गोविंद सिंह ने अधिकारियों पर भ्रष्टाचार का सीधा आरोप लगाया। वहीं भाजपा जिला मंत्री भूपेंद्र मिश्रा ने प्रभारी मंत्री से जिला ग्रामोद्योग विभाग पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। शाहगढ़ विकास खंड के मंडल प्रभारी घीसन मिश्रा ने चौकी में तैनात सिपाही की शिकायत की।
जिस पर प्रभारी मंत्री ने अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे को तत्काल निलंबित कर उन्हें अवगत कराने की बात कही। भाजपा कार्यकर्ताओं व डीएम के बीच लगभग पांच मिनट तक बहस होती रही। प्रभारी मोहसिन रजा के बीच बचाव करने के बाद भाजपाई शांत हुए। जिसके बाद कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस संबंध में जिलाधिकारी शकुंतला गौतम ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान बहस नहीं हुई थी। भाजपा कार्यकर्ता प्रभारी मंत्री से मंत्रोच्चार के दौरान मंच के पीछे से शिकायत कर रहे थे। जिसपर उन्हें सामने से आकर शिकायत करने को कहा था।
Next Story