त्रिपुरा में भी भाजपा के स्टार प्रचारक होंगे योगी

लखनऊ - केरल, गुजरात, हिमाचल और कर्नाटक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ त्रिपुरा के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा के प्रमुख किरदार होंगे। पूर्वोत्तर भारत के तीन राज्यों में फरवरी में चुनाव होने हैं। इसमें सबसे पहले 18 फरवरी को त्रिपुरा में और 27 फरवरी को नगालैंड और मेघालय में चुनाव होने हैं। तीनों के नतीजे तीन मार्च को एक साथ आएंगे। लिहाजा योगी सबसे पहले त्रिपुरा जाएंगे। उनके चुनाव प्रचार की संभावित तारीख 11 और 12 फरवरी है।
मालूम हो कि पूर्वोंत्तर भारत के तीन राज्यों असम, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश में भाजपा का शासन है। त्रिपुरा में तीन दशक से वामपंथियों का शासन है। कुछ वर्षों में वामपंथियों से शासित किसी भी राज्य में भाजपा सिर्फ अपने वोट बैंक को ही बढ़ा सकी है। त्रिपुरा जैसे छोटे राज्य का चुनाव जीतकर वह बड़ा संदेश देना चाहती है। इसके लिए योगी ही भाजपा के सबसे बड़े किरदार हो सकते हैं।
दरअसल त्रिपुरा की करीब एक तिहाई आबादी नाथ पंथ को मानती है। योगी आदित्यनाथ जिस गोरक्षपीठ के पीठाधीश्वर हैं वह नाथपंथ की सर्वोच्च पीठ है। ऐसे में वहां के चुनाव पर योगी का खास प्रभाव होना स्वाभाविक है। छोटे से राज्य का यह चुनाव भाजपा के लिए इस कदर महत्वपूर्ण हैं कि अगले हफ्ते बारी-बारी से यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राजनाथ सिंह और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह समेत भाजपा के सारे नेता वहां चुनावी सभाओं और रैलियों में जाएंगे।