दिन में मांगी एक करोड़ की रंगदारी, शाम को पुलिस ने एनकाउंटर में बदमाश अकबर को किया ढेर

पुलिस ने 50 हजार के इनामी और मुकीम काला गैंग के सदस्य को एनकाउंटर में मार गिराया। अपराधी ने दिन में ही एक करोड़ की रंगदारी मागी थी। घटना उत्तर प्रदेश के शामली जिले की है। झिंझाना में जिला पंचायत सदस्य मोहसिन चौधरी के भाई और गुर्जरपुर के पूर्व प्रधान अफसर चौधरी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के आरोपी अकबर को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। मारा गया बदमाश अकबर पुत्र महमूद कांधला क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत का रहने वाला था। उस पर दस आपराधिक मामले दर्ज हैं।
साबिर जंधेड़ी के घर हुई मुठभेड़ के दौरान वह बचकर फरार हो गया था। इसमें साबिर मारा गया था, एक सिपाही अंकित तोमर शहीद हो गया था। इसी मामले में इस पर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया था। मुठभेड़ शनिवार रात करीब साढ़े सात बजे झिंझाना-ऊन मार्ग पर काली मां मंदिर के पास हुई। दोनों ओर से हुई फायरिंग में एक बदमाश घायल होकर बाइक समेत गिर गया, जबकि दूसरा फरार हो गया।
उपनिरीक्षक प्रवेश तोमर और सिपाही राजू भी घायल हो गए। मौके से पुलिस को बाइक, पिस्टल, तमंचा और कारतूस के अलावा करीब एक लाख रुपये नकदी भी बरामद हुई। घायल बदमाश को पुलिस ने झिंझाना सीएचसी पहुंचाया, तो वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक डाक्टर अजयपाल शर्मा ने बताया कि मारे गए बदमाश अकबर ने ही शनिवार दोपहर गुर्जरपुर के पूर्व प्रधान अफसर चौधरी से एक करोड़ रुपये रंगदारी मांगी थी। इससे पहले दो बाइक सवार बदमाशों ने शुक्रवार रात करीब आठ बजे अफसर के घर फायरिंग की थी। अकबर मुकीम काला गिरोह का सक्रिय सदस्य था।