Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

दबंगों ने महिला को जिंदा जलाया

दबंगों ने महिला को जिंदा जलाया
X
सीतापुर : बिसवां कोतवाली क्षेत्र के रामाभारी में घर पर अकेली महिला को दबंगों ने ज़िंदा जला दिया। खुद को बचाती हुई महिला के साथ गृहस्थी भी जल गई। किसी तरह से उसे बिसवां स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हालत में सुधार ना होने पर महिला को जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपी गांव से फरार बताए जा रहे हैं।
बिसवां कोतवाली क्षेत्र के रामाभारी गांव में शनिवार दोपहर हुई घटना को लेकर इंस्पेक्टर कोतवाली का कहना है कि आग लगने की खबर मिलने पर दमकल भी मौके पर पहुंची थी। फिलहाल महिला के बयानों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। परिजनों का कहना है कि 22 वर्षीय शैलेन्द्री अपने घर पर थी। पति सुनील शनिवार सुबह टेंट हाउस पर काम करने के लिए गया हुआ था। घर के लोग खेत पर काम कर रहे थे। आरोप है कि विष्णु राजू और छोटू घर में घुस आए। 22 वर्षीय विवाहिता के साथ मारपीट की गई । बाद में केरोसिन डालकर उसे आग के हवाले किया। चीख-पुकार के बीच आसपास के लोग जमा हुए। गृहस्थी भी जल गई। झुलसी महिला को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हालत में सुधार न होने पर जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया है। पीड़ित पक्ष की मानें तो 6 दिन पहले खेत में खूंटा गाड़ने को लेकर विपक्षियों से विवाद हुआ था। पीड़ित पक्ष को मारपीट के दौरान चोटें आई थीं। मेडिकल परीक्षण तो हुआ लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इन्हीं कारणों से मनबढ़ आरोपियों ने दोबारा हमला किया। इंस्पेक्टर हरमीत सिंह का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। महिला द्वारा जो आरोप लगाए गए हैं उसके आधार पर आरोपियों की तलाश हो रही है। कहा ये भी जा रहा है कि उसने खुद आग लगाई है। मामले को लेकर कुछ लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
Next Story
Share it