देर रात लूटकर भाग रहा बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार
BY Anonymous1 Feb 2018 2:00 AM GMT

X
Anonymous1 Feb 2018 2:00 AM GMT
कानपुर : शराब सेल्समैन को लूटकर भाग रहे बदमाश को बुधवार देर रात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों ओर से हुई फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लग गई। उसे कांशाराम ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। उसके अपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है।
बासमंडी निवासी अजय जायसवाल रामादेवी चौराहा स्थित शराब दुकान पर सेल्समैन है। वह दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहा था। बैग में पंद्रह हजार रुपए थे। नए पुल पार करने के बाद अजय लघुशंका के लिए रुका तो बदमाश ने पीछे से धक्का दे दिया और बैग लूटकर भागने लगा। अजय ने शोर मचाते हुए पीछा किया तो लुटेरे ने फायरिंग कर दी। सेल्समैन ने तुरंत बाबूपुरवा थाने को सूचना दी। यह भी बताया कि लुटेरा श्याम नगर की ओर भागा है। जानकारी होते ही एसपी पूर्वी अनुराग आर्या ने चकेरी, सुजातगंज चौकी पुलिस को अलर्ट किया गया। इधर, बाबू पुरवा थाने की पुलिस भी पीछे लग गई। सुजातगंज से श्याम नगर जाने वाले रोड पर वीरेंद्र स्वरूप स्कूल के पास सामने से चकेरी पुलिस और पीछे से सुजातगंज, बाबूपुरवा थाने की पुलिस ने घेर लिया। चारो ओर से घिरा देख बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने बचाव करते हुए गोलियां चलाई। एक गोली बदमाश के जांघ में जा लगी। गिर जाने के बाद पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम बर्रा निवासी सूरज उर्फ बंटा बताया। उसके पास से पुलिस ने एक तमंचा और हाईस्पीड बाइक बरामद की है।
Next Story